हरियाणा में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश में 20 से 24 अप्रैल तक हीट वेव (लू) को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। सोमवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया, जिसने अप्रैल की तपन का अहसास करा दिया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी हो सकती है। आईएमडी के अनुसार, दक्षिण और पश्चिम हरियाणा के जिलों में लू का असर ज्यादा रहेगा। 20 और 21 अप्रैल को नारनौल और रोहतक जैसे इलाकों में ‘वार्म नाइट’ यानी गर्म रातों की स्थिति भी बनी रहेगी। वहीं, कृषि मौसम विज्ञान विभाग (HAU), हिसार के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, 25 अप्रैल तक मौसम आमतौर पर शुष्क और गर्म रहेगा। हालांकि, राहत की बात यह है कि 26 अप्रैल से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे मौसम में फिर बदलाव आने की उम्मीद है। जानिए कैसा रहा अधिकतम और न्यूनतम तापमान… नारनौल सबसे गर्म रहा : सोमवार को नारनौल 42.0°C के साथ राज्य का सबसे गर्म शहर रहा। रोहतक में पारा 41.6°C और सिरसा में 40.6°C दर्ज किया गया। औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1°C अधिक बना हुआ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि शुष्क हवाओं के कारण दिन के तापमान में अभी 3-4 डिग्री की और वृद्धि होगी। विशेषकर दोपहर 12 से 4 बजे के बीच लू के थपेड़े लोगों को बेहाल करेंगे। रोहतक और करनाल जैसे शहरों में हीटवेव की स्थिति पहले ही दर्ज की जा चुकी है। रातों में भी बढ़ी तपिश : दिन के साथ-साथ अब रातें भी गर्म होने लगी हैं। सोमवार को हरियाणा में औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.2°C अधिक रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान सिरसा में 19.4°C रिकॉर्ड किया गया, जबकि रोहतक में न्यूनतम तापमान 26.0°C तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री ज्यादा है। नारनौल में भी रात का तापमान 25.7°C रहा। कृषि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में दिन के तापमान में तो उछाल आएगा, लेकिन रात के तापमान में बहुत ज्यादा बड़े बदलाव की संभावना कम है।
हरियाणा में आज से हीट वेव का यलो अलर्ट:अप्रैल में ही 42°C पार तापमान, 26 से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय; बारिश संग ओले गिरेंगे
