‘भांजी का रेप-मर्डर करने वाले की लाश का क्या करेंगे’:एनकाउंटर में ढेर आरोपी के भाई बोले- उसे जीने का हक नहीं था

Spread the love

‘ऐसी लाश का हम क्या करेंगे, जिसने जिंदा रहते हुए सगी भांजी के साथ ऐसा घिनौना काम किया। पुलिस का बहुत-बहुत आभार कि उसने इसे खत्म कर दिया। सरकार ने बहुत अच्छा काम किया है। हम योगी सरकार से बहुत खुश हैं। हम प्रशासन और सीएम योगी को धन्यवाद देते हैं, ऐसे व्यक्ति को जीने का हक नहीं था…’ ये कहना है गाजियाबाद में 4 साल की भांजी से रेप-मर्डर करने वाले 25 साल के जसीम के भाइयों का। जसीम को 19 अप्रैल की रात पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया था। 20 अप्रैल को दिनभर परिजन शव लेने गाजियाबाद पोस्टमॉर्टम हाउस नहीं पहुंचे। पुलिस अधिकारी परिजनों को बुलाते रहे। शाम के समय जसीम के भाई और परिवार के लोग पहुंचे, लेकिन शव नहीं लिया। देर शाम पुलिस ने गाजियाबाद में ही भाइयों की मौजूदगी में शव सुपुर्द-ए-खाक करा दिया। पहले घटना और एनकाउंटर के बारे में जानिए जसीम उर्फ छोटू ने 11 अप्रैल को भांजी का रेप और मर्डर करने के बाद डेडबॉडी को एक कार के नीचे फेंक दिया था। बच्ची का परिवार हापुड़ के पिलखुआ का रहने वाला है, जबकि जसीम मुजफ्फरनगर के सिसौली गांव का था। पुलिस ने जसीम पर 50 हजार का इनाम घोषित किया था। DCP धवल जायसवाल ने बताया- एडिशनल DCP क्राइम पीयूष सिंह को रविवार रात सूचना मिली कि जसीम गाजियाबाद के टीला मोड़ इलाके में घूम रहा है। पुलिस ने घेराबंदी की। जसीम अपने 2 साथियों के साथ बाइक से आता दिखाई दिया। पुलिस ने सरेंडर करने के लिए कहा लेकिन जसीम और उसके साथियों ने फायरिंग शुरू कर दी। फिर सभी बाइक से भागने लगे। पुलिस ने भी जवाब में गोलियां चलाईं। इस दौरान एक गोली जसीम के सीने में लग गई। इससे वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। जसीम के गिरते ही उसके दोनों साथी मौके से भाग गए। इसके बाद पुलिस घायल जसीम को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान 2 सिपाही हेड कॉन्स्टेबल अमित और इकबाल घायल हुए हैं। वहीं, सिपाही मोहित शर्मा की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगी। जसीम ने अपने 2 साथियों के साथ मिलकर 15 राउंड फायरिंग की। चचेरे भाई ने कहा-बॉडी जला दो या फूंक दो दैनिक भास्कर ने पोस्टमॉर्टम हाउस आए जसीम के चचेरे भाई महबूब से बात की। महबूब ने कहा- जसीम मेरा चचेरा भाई था। गांव में सोमवार सुबह पुलिस आई थी, हमें पता चला कि गाजियाबाद में पुलिस ने उसे एनकाउंटर में मार दिया। इससे पहले हमारी बहन ने बताया था कि भाई जसीम ने 4 साल की बेटी के साथ रेप किया और उसकी हत्या कर दी। हमने बहन से कहा था कि हम सभी तेरे साथ हैं, जो भी हुआ है बहन हमें माफ करना। हम बहन के यहां गए भी थे, कहा था कि जैसा अपराध किया है उसकी सजा मौत होनी चाहिए। महबूब ने एनकाउंटर पर कहा कि ‘पुलिस ने जल्द से जल्द जसीम को खत्म कर दिया। हमें बहुत खुशी है। हमें अब उसकी लाश की कोई जरूरत नहीं है। पुलिस ही हमें मुजफ्फरनगर से लेकर आई। हमने पुलिस से कहा कि इस बॉडी को फूंक दो, नाले में बहा दो या जला दो। हमें बॉडी की कोई जरूरत नहीं है, न ही ऐसे भाई की जरूरत है। हम आ भी नहीं रहे थे।’ महबूब का कहना है कि ‘पुलिस और हमारी बहन के ससुराल के लोगों ने कहा कि हमारे कहने से चलो। आपकी कोई गलती नहीं है। इनके कहे पर हम आ गए। पुलिस अपने आप उसे जला दे, हमें कोई मतलब नहीं है।’ भाई नसीम ने कहा-हम योगी सरकार से खुश हैं सौतेले भाई नसीम ने कहा कि ‘जसीम मेरा सौतेला भाई था, हम बॉडी लेने नहीं आए हैं, न हीं बॉडी लेना चाहते। हम इस अपराधी का चेहरा भी देखना नहीं चाहते। पुलिस ने एनकाउंटर सही किया है। मेरी बहन की कॉल आई थी, बहन ने बताया था कि भैया जसीम मेरी बच्ची को लेकर चला गया। तब से हम उसके खिलाफ हो गए थे।’ नसीम ने कहा ‘पुलिस का बहुत-बहुत आभार कि इसे खत्म कर दिया। सरकार ने बहुत अच्छा काम किया है। हम योगी सरकार से बहुत खुश हैं। योगी जी ने प्रशासन को सख्त किया, जिसके बाद पुलिस ने एक्शन लिया और इसे एनकाउंटर में मार दिया। इसके लिए हम धन्यवाद देना चाहते हैं। हर अपराधी की इससे आंख खुल जाए। आगे कोई ऐसा न करे।’ भाई तौफीक बोला- योगी जी को मान-सम्मान के साथ सैल्यूट जसीम के सौतेले भाई तौफीक ने कहा- हम मीडिया में यह कहना चाहते हैं कि जसीम हमारा कुछ नहीं लगता था। जिसने अपनी सगी बहन की बच्ची के साथ ऐसा काम किया है। वह हमारा नहीं था। हम गलत के साथ नहीं हैं। हम उसके जीते जी वारिश नहीं थे, न ही अब वारिश हैं। प्रशासन ने बहुत अच्छा रिजल्ट दिखाया है। तौफीक ने कहा ‘हम सीएम योगी जी को मान-सम्मान के साथ सैल्यूट करते हैं। उन्होंने प्रशासन को बहुत टाइट कर रखा है। हम बॉडी नहीं लेकर जाएंगे। सीएम योगी जी का धन्यवाद। ऊपर वाले ने सही सजा दी है। एनकाउंटर का काम पुलिस ने बहुत सही किया है।’ जसीम का कोई सगा भाई नहीं, बहन की बेटी से किया था गलत काम जसीम मुजफ्फरनगर के सिसौली गांव का रहने वाला था। पिता इकलाख की मौत हो चुकी है। इकलाख की पहली पत्नी की मौत के बाद उन्होंने दूसरी शादी की। पहली पत्नी से शमीम, नसीम और तौफीक तीन बेटे हैं। तीनों ही पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे। इकलाख की दूसरी पत्नी से बेटा जसीम और दो बहनें हैं। जसीम ने अपनी सगी बहन की 4 साल की बेटी के साथ पहले रेप किया और फिर मर्डर कर दिया। जसीम की पत्नी अपने दो बच्चों के साथ मुजफ्फरनगर में किराए के घर में रहती है। —————————— ये खबर भी पढ़ें… 4 साल की भांजी का रेप-मर्डर करने वाले का एनकाउंटर:गाजियाबाद पुलिस ने सीने पर गोली मारी, 2 सिपाही भी घायल गाजियाबाद में 4 साल की भांजी से रेप करने वाले मामा को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया। रविवार रात हुई मुठभेड़ के दौरान 2 सिपाही भी घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जसीम उर्फ छोटू पर पुलिस ने 50 हजार का इनाम घोषित किया था। उसने 11 अप्रैल को भांजी का रेप और मर्डर करने के बाद डेडबॉडी को कार के नीचे फेंक दिया था। बच्ची का परिवार हापुड़ के पिलखुआ का रहने वाला है। वर्तमान में गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र में रह रहा है। पढ़ें पूरी खबर