यमुनानगर SHO थप्पड़ कांड पहुंचा हाईकोर्ट:पीड़ित फैक्ट्री संचालक की इंसाफ और सुरक्षा की मांग लेकर याचिका; आज होगी सुनवाई

Spread the love

यमुनानगर के चर्चित सिटी थाना एसएचओ थप्पड़ कांड में अब नया और महत्वपूर्ण मोड़ आ गया है। फैक्ट्री संचालक संजीव कुमार ने इंसाफ की गुहार लगाते हुए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। मामले में आज शुक्रवार को सुनवाई होनी है। संजीव कुमार ने अदालत से जान-माल की सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। पीड़ित संजीव कुमार का आरोप है कि 21 मई की रात रेलवे स्टेशन चौक स्थित एक ढाबे के बाहर सिटी थाना एसएचओ इंस्पेक्टर नरेंद्र राणा और अन्य पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की थी। इस घटना का वीडियो भी सामने आया था, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया। समझौते का दबाव बनाकर झूठे केस में फंसाने की धमकी पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद उस पर समझौते का दबाव बनाया गया और विरोध करने पर झूठे मामलों में फंसाने तथा जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने इस मामले की शिकायत एसपी यमुनानगर को देने के साथ-साथ पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), आईजीपी अंबाला रेंज और हरियाणा के मुख्य सचिव को भी ई-मेल के माध्यम से भेजी है। शिकायत में संबंधित पुलिस अधिकारियों को निलंबित करने, निष्पक्ष जांच कराने और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है। संजीव कुमार का आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद उसे न्याय नहीं मिला, जिसके चलते उसे हाईकोर्ट की शरण लेनी पड़ी। डीएसपी हेडक्वार्टर कर रहे मामले की जांच उसने अदालत को बताया है कि मामले को उठाने के बाद उसे लगातार दबाव और डर का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए उसकी और उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उधर, एसपी यमुनानगर कमलदीप गोयल पहले ही मामले की जांच डीएसपी हेडक्वार्टर को सौंप चुके हैं। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अब सभी की निगाहें हाईकोर्ट में होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं, जहां इस बहुचर्चित मामले में आज सुनवाई होनी है।