सादी वर्दी में SHO के चालान काटने पर हंगामा,VIDEO:हिसार में युवकों ने आईकार्ड दिखाने को कहा, थाना प्रभारी ने बाइक इंपाउंड की

Spread the love

हिसार के सेक्टर 9-11 मार्केट में उस समय हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब सिविल लाइन थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर विजय पाल सादी वर्दी में पहुंचे और एक बाइक को इंपाउंड करने की कोशिश की। इस दौरान बाइक मालिक और मौके पर मौजूद युवकों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए जमकर हंगामा किया। युवकों ने SHO की सादी वर्दी को लेकर कहा कि आप ऐसे कैसे कार्रवाई कर रहे हैं, आप अपना आईकार्ड दिखाएं। जब SHO ने युवकों से बाइक की आरसी मांगी तो उन्होंने फोन में दिखाने की बात कही। इसके बाद मौके पर आए दूसरे पुलिसकर्मी ने युवकों की बाइक इंपाउंड कर दी। जानिए वीडियो में क्या दिख रहा… युवक बोले- सादी वर्दी में कैसे कार्रवाई कर रहे यह घटना 19 मई की शाम की है। अब इसका वीडियो सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि SHO विजय पाल बिना पुलिस यूनिफॉर्म (सादी वर्दी) के मौके पर मौजूद हैं। जब उनके साथ आए पुलिस कर्मचारियों ने मार्केट में खड़ी एक स्प्लेंडर बाइक को बिना नंबर प्लेट का हवाला देकर इंपाउंड करना चाहा, तो युवकों का गुस्सा फूट पड़ा। युवकों ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा- “आप सादी वर्दी में आकर किस आधार पर कार्रवाई कर रहे हैं? पहले अपनी आईडी दिखाइए और हमें हमारी गलती बताइए।” इस पर SHO भड़क गए और उन्होंने बाइक को इंपाउंड कर दिया। पुलिसकर्मी बाइक चलाकर ले गया वीडियो में दिख रहा है कि युवकों ने SHO की सरकारी गाड़ी बोलेरो का भी वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इसी दौरान वर्दी में आए पुलिसकर्मी युवकों की बाइक पर बैठ गया। युवकों ने कहा कि हेलमेट न होने पर कितने का चालान है। इस पर पुलिसकर्मी ने कहा 500 रुपए का। इसके बाद युवक बोले कि हमारी पास डीजी लॉकर में आरसी पड़ी है फिर आप बाइक क्यूं इंपाउंड कर रहे हो। इसके बाद भी पुलिसकर्मी धक्का देते हुए युवकों की बाइक को स्टार्ट करके ले गया। अब जानिए पूरे मामले पर SHO ने क्या कहा… हम सूचना पर कार्रवाई करने गए दूसरी ओर, सेक्टर 9-11 थाना प्रभारी विजय पाल ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि हमें सेक्टर 9-11 से सूचना मिली की कुछ बाइक सवार बिना नंबर की गाड़ी व बाइक लेकर घूम रहे हैं। हम तुरंत सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गए तो देखा कि गाड़ी सवार तो भाग गए, लेकिन बाइक सवार मौके पर खड़े थे, जिन्हें पकड़ लिया। बाइक के पीछे नंबर प्लेट नहीं थी SHO ने आगे बताया कि इनकी बाइक के पीछे नंबर प्लेट नहीं दी। इनके पास आरसी व डॉक्यूमेंट भी नहीं थे। हमने बार-बार आरसी दिखाने को कहा, लेकिन यह मोबाइल में आरसी दिखा रहे थे, जो मान्य नहीं है। बाइक के और दस्तावेज मांगे तो वह भी उनके पास नहीं थे। वर्दी पहनने का मौका नहीं मिला SHO ने बताया कि इसके बाद इनकी बाइक को इंपाउंड कर दिया। अभी तक थाने में ये युवक अपनी बाइक छुड़वाने नहीं आए। जहां तक वर्दी की बात है तो जब घटना हुई तो हम सिविल ड्रेस में थे तो वर्दी पहनने का मौका नहीं मिला। अगर वर्दी पहनने लगते तो आरोपी तब तक भाग जाते।