राम जन्मभूमि में मां दुर्गा मंदिर पर ध्वजारोहण आज:साध्वी ऋतंभरा और निरंजन ज्योति धर्म ध्वजा फहराएंगी, सिर्फ महिला बटालियन संभालेगी पूरी व्यवस्था

Spread the love

राम जन्मभूमि परिसर में होने जा रहा छठे पूरक मंदिर मां दुर्गा मंदिर का ध्वजारोहण समारोह इस बार पूरी तरह नारी शक्ति को समर्पित रहेगा। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने आयोजन को विशेष स्वरूप देते हुए सभी अतिथि महिलाओं को ही आमंत्रित किया है। इतना ही नहीं, समारोह की सुरक्षा और व्यवस्थाओं की कमान भी महिला जवानों के हाथों में होगी। 29 मई को शाम पांच बजे से सात बजे के बीच आयोजित होने वाला यह समारोह राम मंदिर आंदोलन की महिला शक्ति और सनातन परंपरा में नारी के योगदान को समर्पित माना जा रहा है। साध्वी ऋतंभरा और निरंजन ज्योति करेंगी ध्वजारोहण राम मंदिर आंदोलन का प्रमुख चेहरा रहीं साध्वी ऋतंभरा और केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति मां दुर्गा मंदिर पर धर्म ध्वजा का आरोहण करेंगी। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ी महिला समन्वय की अखिल भारतीय संयोजक मीनाक्षी पिशवे, विश्व हिंदू परिषद की अखिल भारतीय मातृशक्ति संयोजिका एवं महिला समन्वय राष्ट्रीय संयोजिका सरोज जी सोनी और राष्ट्रीय सह संयोजिका मातृशक्ति प्रज्ञा माहाला भी मौजूद रहेंगी। महिला बटालियन संभालेगी पूरी व्यवस्था समारोह की सबसे खास बात यह होगी कि इसकी संपूर्ण व्यवस्थाएं केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की महिला बटालियन संभालेगी। महिला जवान ध्वज को मंदिर शिखर तक पहुंचाने, डोरी बांधने, अतिथियों के मार्गदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाएंगी। ट्रस्ट ने महिला जवानों को भी विशेष आमंत्रण भेजा है। 3600 महिलाओं को भेजे गए आमंत्रण ट्रस्ट ने विश्व हिंदू परिषद, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, दुर्गा वाहिनी और मातृशक्ति से जुड़ी लगभग 3600 महिलाओं को समारोह में आमंत्रित किया है। सभी को प्रवेश पास भी जारी कर दिए गए हैं। यदि किसी महिला अतिथि के साथ पुरुष सदस्य आते हैं तो उनके लिए अलग प्रतीक्षालय की व्यवस्था की गई है। पांच पूरक मंदिरों का हो चुका ध्वजारोहण राम जन्मभूमि परिसर के परकोटे में निर्मित मां अन्नपूर्णा, सूर्य, हनुमान, गणेश और शिव मंदिरों का ध्वजारोहण अलग-अलग तिथियों में संपन्न हो चुका है। अब मां दुर्गा मंदिर का ध्वजारोहण प्रस्तावित है। इसके बाद अगले माह शेषावतार मंदिर का ध्वजारोहण भी कराया जाएगा, जिसमें उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। राम मंदिर के परकोटा के मंदिरों में कब हुआ ध्वजारोण 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मोहन भागवत ने 25 नवंबर को राम मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 31 दिसंबर 2025 को अयोध्या में राम मंदिर परिसर के भीतर स्थित मां अन्नपूर्णा मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण किया था। 26 मार्च को रामजन्मभूमि परिसर के परकोटे के मध्य निर्मित भगवान सूर्यदेव के मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा का आरोहण कराया गया था। राम मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष व मणिरामदास जी की छावनी के महंत नृत्यगोपालदास समेत अयोध्या धाम के साधु संत इस ऐतिहासिक अवसर पर सम्मिलित हुए थे। चैत्र पूर्णिमा तद्नुसार हनुमान जयंती के दिन 2 अप्रैल 2026 को रामजन्मभूमि परिसर के परकोटे की दक्षिणी भुजा के मध्य पर निर्मित हनुमान मंदिर में श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से बजरंग दल के संस्थापक अध्यक्ष रहे पूर्व सांसद विनय कटियार के हाथों ध्वजारोहण कराया गया। इस मौके पर महाराष्ट्र भाजपा के सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया समेत करीब 150 साधु-संत, ट्रस्ट पदाधिकारी और अन्य विशिष्ट लोग मौजूद रहे। 11 अप्रैल को रामजन्मभूमि परिसर के परकोटे में बने चौथे पूरक मंदिर और दक्षिण-पूर्वी कोने में बने गणेश मंदिर पर ध्वजारोहण किया गया। यह ध्वजारोहण एलएंडटी, टाटा कंसल्टिंग इंजीनियर्स (टीसीई) और सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों ने किया। इसके बाद 29 अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिव मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण किया। …………………………. ये खबर भी पढ़ें- यूपी में पलटेगा मौसम, 69 जिलों में बारिश का अलर्ट, नौतपा का असर कम, बादल छाए, ठंडी हवा चली; बांदा में पारा 47.8°C यूपी में नौतपा का आज यानी गुरुवार को चौथा दिन है। सुबह से प्रदेशभर में तेज हवा चल रही है और बादल छाए हैं। आज 69 जिलों में बारिश का अलर्ट है। इनमें से 24 जिलों में ओले भी गिर सकते हैं। 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि 31 मई तक आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। पढ़ें पूरी खबर