चिता की तपन से टूटा श्मशान घाट का लेंटर:फरीदाबाद के छांयसा गांव में स्थित, सरपंच बोले- बाढ़ से हुआ था क्षतिग्रस्त, मरम्मत कार्य जारी

Spread the love

फरीदाबाद के छांयसा गांव स्थित पल्टू पुल के पास श्मशान घाट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दाह संस्कार के दौरान जल रही चिता के ऊपर बना लेंटर झुका हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि उसके कुछ टुकड़े नीचे चिता के आसपास गिरे हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि गांव के सरपंच ने स्पष्ट किया है कि यह वीडियो 5 से 6 दिन पुराना है और घटना के समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। छांयसा गांव के सरपंच राजेश कुमार ने बताया कि जिस स्थान पर दाह संस्कार किया गया था, वहां ऊपर लगे लेंटर का कुछ हिस्सा आग की तेज तपन और गर्मी की वजह से टूटकर नीचे गिर गया था। कुछ टुकड़े लोहे की जाल में फंस गए थे, जबकि कुछ नीचे जमीन पर गिर गए थे। सरपंच बोले- सोशल मीडिया पर जैसा दिखाया जा रहा वैसा कुछ नहीं उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर जिस तरह घटना को अचानक दाह संस्कार के दौरान हादसे के रूप में दिखाया जा रहा है, वैसा नहीं है। जब लेंटर का हिस्सा गिरा, उस समय दाह संस्कार करने आए लोग वहां से जा चुके थे। सरपंच ने बताया कि श्मशान घाट में इस समय रिपेयरिंग और निर्माण कार्य चल रहा है। पिछले साल यमुना की बाढ़ का पानी घुसा था : सरपंच उन्होंने बताया कि, पिछले साल यमुना में अधिक पानी आने के कारण पूरा श्मशान घाट जलभराव की चपेट में आ गया था। यमुना का पानी अंदर घुसने से श्मशान घाट की दीवारों और कई हिस्सों को नुकसान पहुंचा था। उन्होंने बताया कि यह श्मशान घाट वर्ष 2010 के आसपास बना था और अब काफी पुराना हो चुका है। जिस स्थान पर अंतिम संस्कार किया जाता है, उसे भी तोड़कर दोबारा बनाने की योजना बनाई गई है। दाह संस्कार ना करने का लगाया जा चुका है नोटिस राजेश कुमार ने बताया कि जिस हिस्से में नुकसान हुआ था, वहां दाह संस्कार नहीं करने के लिए पहले से नोटिस लगाए गए थे। लोगों को यह भी कहा गया था कि जब तक मरम्मत का काम पूरा नहीं हो जाता, तब तक उस हिस्से का इस्तेमाल न किया जाए और श्मशान घाट परिसर में किसी अन्य स्थान पर दाह संस्कार किया जा सकता है। इसके बावजूद 5-6 दिन पहले प्रजापति समाज के एक बुजुर्ग का अंतिम संस्कार उसी स्थान पर कर दिया गया था, जिसके बाद आग की तेज तपन से ऊपर लगा लेटर टूटकर नीचे गिर गया। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और गिरे हुए सभी टुकड़ों को तुरंत हटवा दिया गया। साथ ही उस स्थान पर दाह संस्कार करने पर रोक लगा दी गई है। सरपंच ने कहा कि इस संबंध में खंड पंचायत अधिकारी को पत्र लिख दिया गया है और जल्द ही उस स्थान की मरम्मत कराकर दोबारा तैयार कराया जाएगा।