सोनीपत में व्यक्ति की संदिग्ध मौत:परिजन बोले- लू लगने से बिगड़ी हालत, पैदल BPL फ्लैट पर जा रहा था

Spread the love

हरियाणा में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगी है। सोनीपत में मंगलवार को गर्म लू लगने से एक 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत होने का दावा किया गया है। परिजनों का कहना है कि व्यक्ति गांव नांगल कलां से टीडीआई कुंडली स्थित बीपीएल फ्लैट पैदल जा रहा था। इसी दौरान तेज गर्मी और लू की चपेट में आने से उसकी हालत बिगड़ गई और घर पहुंचते ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का वीरवार को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। जिले में गर्मी से मौत का यह पहला मामला बताया जा रहा है। गांव नांगल कला से कुंडली जा रहा था नांगल कलां के नंबरदार सतबीर ने बताया कि मृतक की पहचान 40 वर्षीय विजय के रूप में हुई है। विजय मूलरूप से उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के गांव काठा का रहने वाला था। वह पिछले करीब 10 वर्षों से कुंडली स्थित बीपीएल फ्लैट में किराए पर रह रहा था और मजदूरी का काम करता था। मंगलवार को विजय गांव नांगल कलां से टीडीआई कुंडली स्थित बीपीएल फ्लैट में जा रहा था। रास्ते में तेज गर्मी और लू की वजह से उसकी तबीयत बिगड़ गई। किसी तरह वह घर पहुंचा, लेकिन थोड़ी देर बाद उसकी मौत हो गई। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। 44 डिग्री से ऊपर पहुंचा तापमान सोनीपत में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से भी अधिक दर्ज किया गया। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिला और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। मौसम विभाग की ओर से भी लोगों को लू से बचने की सलाह दी गई थी। पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि परिजन जहां लू से मौत बता रहे हैं और ऐसे में पोस्टमार्टम की रिपोट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता लग पाएगा। डॉक्टरों पर देरी से पहुंचने का आरोप गांव के नंबरदार सतबीर ने बताया कि विजय की मौत अधिक गर्मी और लू लगने की वजह से हुई है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टर काफी देर से पहुंचे, जिसके कारण परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने प्रशासन से गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर करने की मांग की है। गर्मी से पहली मौत ने बढ़ाई चिंता सोनीपत में गर्मी से हुई इस पहली मौत के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। डॉक्टरों का कहना है कि तेज धूप और लू के दौरान लोगों को बिना जरूरी काम के बाहर निकलने से बचना चाहिए। खासकर दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक घर के अंदर रहने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।