हिसार डीसी के घर JCB लेकर पहुंचे:NGO बोली-डीसी ने पार्क पर कब्जा किया, लोग सड़कों पर सैर करते हैं, इसका ताला खुलवाएंगे

Spread the love

हिसार शहर में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के बीच आज बुधवार को मदद संस्था हिसार डीसी आवास पहुंची और पब्लिक पार्क पर से कब्जा हटवाने की मांग की। मदद संस्था के अध्यक्ष संजीव भोजराज बकायदा जेसीबी लेकर डीसी के घर पहुंच गए। यहां चहारदीवारी के साथ बने पार्क पर ताला लटका मिला। संजीव भोजराज ने दैनिक भास्कर एप से बातचीत में कहा कि करीब 3 एकड़ पार्क पर डीसी ने कब्जा किया हुआ है। यह पार्क पब्लिक का है मगर डीसी ने अपने आवास से सटे इस पार्क पर नाजायज कब्जा किया हुआ है। इसे आज अतिक्रमण मुक्त करवाने पहुंचे हैं। संजीव भोजराज ने कहा कि अभी डीसी व प्रशासन को समय दिया गया है। अगर यह पार्क पब्लिक के लिए नहीं खोला तो वह लोगों को साथ लेकर आएंगे और जबरन ताला तोड़कर इसे आमजन के लिए खुलवाएंगे। कब्जे नहीं छुड़वाए, तो कार्रवाई करेंगे संजीव भोजराज ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि ये अवैध कब्जे नहीं हटाए गए, तो अगली बार पार्टी खुद कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि शहरभर में निगम और एचएसवीपी हाईकोर्ट के आदेशों का हवाला देकर अतिक्रमण हटा रहे हैं, लेकिन अधिकारी स्वयं नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। संजीव भोजराज ने बताया कि वह जल्द ही हाईकोर्ट में एक याचिका लगाएंगे और निगम, एचएसवीपी और बीएंडआर की जमीनों पर सरकारी कब्जे को छुड़वाएंगे। नगर निगम के मुख्य गेट पर 150 गज जगह पर कब्जा भोजराज ने आरोप लगाया कि निगम कार्यालय के मुख्य गेट के दोनों ओर ग्रिल लगाकर लगभग 150 गज जगह पर अवैध कब्जा किया गया है। मौके पर माप-तोल करते हुए उन्होंने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी लगातार जनता की आवाज उठा रही है और आम लोगों के साथ हो रहे भेदभाव को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन गरीब दुकानदारों, रेहड़ी संचालकों और आम जनता पर कार्रवाई कर रहा है, जबकि सरकारी कार्यालयों के बाहर हुए कब्जों को नजरअंदाज किया जा रहा है। संजीव भोजराज ने स्पष्ट किया कि शुक्रवार को वे केवल अधिकारियों को सचेत करने और अवैध कब्जों की याद दिलाने के लिए जेसीबी लेकर पहुंचे थे।