मानेसर मेयर के सफाई व्यवस्था चेक करने पर बगावत:सफाई एजेंसी ने काम रोका, मेयर बोलीं-मुख्यमंत्री से शिकायत करूंगी, कमिश्नर ने बुलाई इमरजेंसी मीटिंग

Spread the love

गुरुग्राम जिले में मानेसर नगर निगम (MCM) में मेयर डॉ. इंद्रजीत द्वारा सफाई व्यवस्था की औचक चेकिंग से नाराज एजेंसी ने बगावत करते हुए गुरुवार को काम बंद कर दिया है, जिससे पूरे क्षेत्र में कूड़े के ढेर लगने और सफाई व्यवस्था ठप होने का संकट गहरा गया है। मेयर ने पूजा कॉन्सुलेशन एजेंसी के कामकाज को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए नगर निगम कमिश्नर को शिकायत भेजी थी, लेकिन इसके बाद भी 60 फीसदी पेमेंट किए जाने से पार्षदों में भी अधिकारियों के प्रति नाराजगी है। मेयर ने अब मुख्यमंत्री नायब सैनी और सांसद इंद्रजीत यादव से शिकायत करने की बात कही है। दरअसल, मेयर के पास मानेसर क्षेत्र में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन और सफाई व्यवस्था को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। कई दिन पहले लोगों ने उसकी कार रोक ली थी और सफाई व्यवस्था को ठीक करने की मांग की थी। जिसके बाद मेयर ने बुधवार को सफाई एजेंसी के काम का निरीक्षण किया। फिलहाल, निगम कमिश्नर ने इस पूरे मामले की जांच के लिए एक टीम गठित कर दी है, लेकिन एजेंसी के काम रोकने से स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। एजेंसी ने की बगावत, 100 टन कूड़ा ब्लॉक एजेंसी ने नगर निगम प्रशासन को ई-मेल भेजकर काम रोकने की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस अचानक काम बंद करने से सेक्टर-6, सेक्टर-8, और आस-पास के 30 गांवों में कूड़ा उठना बंद हो गया है, जिससे स्थानीय निवासियों में रोष है। 100 टन से ज्यादा कूड़ा ब्लॉक हो गया है। इस विवाद का सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगने से बदबू और बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है। लोग अब नगर निगम प्रशासन पर एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई (ब्लैकलिस्टिंग) करने का दबाव बना रहे हैं। मेयर बोली- अव्यवस्था सहन नहीं की जाएगी सफाई एजेंसी की इस बगावत पर मेयर डॉ. इंद्रजीत यादव ने भी आक्रामक रुख अपना लिया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि मानेसर की जनता का पैसा लेकर जो एजेंसी काम चोरी करेगी, उसे किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। अगर 64 करोड़ रुपये के सफाई टेंडर में धांधली की जा रही है, तो उसकी जांच करवाने को लेकर कमिश्नर को लिखित शिकायत की है। एजेंसी की यह बगावत सहन नहीं की जाएगी। मेयर ने आगे कहा कि वे इस मामले में सीधे मुख्यमंत्री से शिकायत की जाएगी। अधिकारियों और शहरी स्थानीय निकाय विभाग (ULB) को शिकायत की जा चुकी है। इस खबर को अपडेट कर रहे हैं…