रोहतक RTO निरीक्षक और सहायक 1 लाख रिश्वत लेते पकड़े:ट्रक चालान के लिए मांगी रकम, साढ़े 10 लाख मंथली डिमांड; साढ़े 5 लाख पहले लिए

Spread the love

रोहतक की एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने आरटीओ ऑफिस में योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए निरीक्षक राकेश राणा व सहायक सचिव मनीष मदान को एक लाख रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। एसीबी की टीम आरोपियों को कल कोर्ट में पेश करेगी। रिश्वत लेने का आरोपी आरटीओ निरीक्षक राकेश राणा को एसीबी की टीम ने महर्षि दयानन्द कॉलोनी से 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा। वहीं, मामले में सहायक सचिव मनीष मदान की संलिप्तता भी मिली, जिसके कारण उसे भी गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में एसीबी थाने में केस दर्ज किया गया। चालान जमा करवाने के दौरान मांगी रिश्वत शिकायतकर्ता ने एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत दी कि उसके ट्राले का चालान आरटीओ विभाग द्वारा किया गया था। चालान जमा करवाने के लिए वह आरटीओ कार्यालय कन्हेली पहुंचा, जहां उसकी मुलाकात निरीक्षक राकेश राणा व सहायक सचिव मनीष मदान से हुई। आरोपियों ने उस पर दबाव बनाते हुए कहा कि यदि वह सेटिंग नहीं करेगा तो उसकी गाड़ियों के लगातार चालान किए जाएंगे। आरोपियों ने प्रति गाड़ी मांगी रिश्वत शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपियों ने प्रति गाड़ी 7 हजार रुपए मासिक रिश्वत की मांग की। उसकी व उसके साथियों की लगभग 150 गाड़ी चलती हैं, जिसके लिए कुल 10 लाख 50 हजार रुपए मासिक रिश्वत मांगी गई। बाद में यह सौदा 8 लाख रुपए प्रतिमाह पर तय हुआ, जिसमें से 5 लाख 50 हजार रुपए पहले ही दिए जा चुके है। एक लाख रुपए रंगे हाथ लेते किया गिरफ्तार एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने आरोपियों को 1 लाख रुपए रिश्वत लेते हुए आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा। शिकायत के आधार पर एसीबी ने रेडिंग पार्टी का गठन किया। टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरटीओ कार्यालय कन्हेली के निरीक्षक राकेश राणा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार लिया। एसीबी की टीम ने साक्ष्यों के आधार पर सहायक सचिव मनीष मदान को भी गिरफ्तार कर लिया।