हरियाणा में बढ़ती गर्मी और पेयजल को लेकर सरकार ने पब्लिक हेल्थ डिपार्टमेंट की छुट्टियों को रद्द कर दिया है। ये जानकारी विभागीय मंत्री रणवीर गंगवा ने दी। उन्होंने रिव्यू मीटिंग में इसको लेकर फैसला करते हुए बताया कि अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि गर्मी के सीजन में बिना रुकावट पेयजल सुचारु रहे। फील्ड में रहकर आमजन की समस्याओं का अधिकारी तुरंत हल करें। पेयजल व्यवस्था में लापरवाही पर 2 एसडीओ और 2 जेई को सस्पेंड किया गया है। इसके अलावा 2 अधिकारियों को चार्जशीट किया गया है। उन्होंने बताया कि हांसी और चरखी दादरी के एसडीओ, जेई सस्पेंड किए गए हैं। आदमपुर के एसडीओ और जेई को चार्जशीट किया गया है। हांसी में धरने की रिपोर्ट का लिया संज्ञान हांसी के चानौत गांव में पेयजल समस्या को लेकर चल रहे धरने और अधिकारियों से मिली रिपोर्ट पर संज्ञान लेते हुए मंत्री ने संबंधित एसडीओ और जेई को सस्पेंड करने के निर्देश दिए हैं। जांच में सामने आया कि वहां के जिम्मेवार अधिकारियों द्वारा समस्या समाधान में अपेक्षित तत्परता नहीं दिखाई गई, जिसके कारण लोगों को लंबे समय तक परेशानी का सामना करना पड़ा। हिसार से शिकायत पर अधिकारी चार्जशीट
बैठक में हिसार जिला के आदमपुर जलघर की बदहाल स्थिति तथा वहां पेयजल आपूर्ति में आ रही समस्याओं पर भी संज्ञान लिया गया। मंत्री ने इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित एसडीओ और जेई को चार्जशीट कर जवाब तलब करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलघरों की नियमित साफ-सफाई, मशीनों का रखरखाव, मोटरों की कार्यशील स्थिति तथा पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करना विभागीय अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जलघर केवल पानी संग्रहण का केंद्र नहीं बल्कि लाखों लोगों की दैनिक जरूरतों से जुड़ी महत्वपूर्ण व्यवस्था है। ऐसे में वहां किसी प्रकार की गंदगी, अव्यवस्था या तकनीकी खराबी नहीं होनी चाहिए। फील्ड में दिखने चाहिए अधिकारी विभागीय मंत्री रणबीर गंगवा ने एक्सईएन, एसडीओ और जेई स्तर के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से अपने क्षेत्रों का दौरा करें। पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की स्वयं निगरानी करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी केवल कार्यालयों में बैठकर कार्य न करें बल्कि गांवों और शहरों में जाकर वास्तविक स्थिति का जायजा लें।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि किसी ट्यूबवेल, मोटर, पाइपलाइन, बूस्टिंग स्टेशन या जलघर में खराबी आती है तो उस पर तत्काल कार्रवाई की जाए। मरम्मत कार्य में देरी के कारण यदि किसी क्षेत्र में पेयजल संकट उत्पन्न होता है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हरियाणा में पब्लिक हेल्थ डिपार्टमेंट की छुट्टियां रद्द:पेयजल को लेकर सरकार का फैसला; लापरवाही पर 2 SDO, 2 JE सस्पेंड, 2 चार्जशीट
