हरियाणा के हांसी में सफाई व्यवस्था को लेकर शनिवार को तनाव की स्थिति बन गई। प्रशासन ने शहर से कूड़ा उठाने के लिए पुलिस बल और जेसीबी मशीनों के साथ कार्रवाई शुरू की, जिसका सफाई कर्मचारियों ने विरोध किया। अनाज मंडी के सामने मुल्तान कॉलोनी चौक के पास कूड़ा उठाने के लिए जैसे ही प्रशासन ने जेसीबी चलानी शुरू की, सफाई कर्मचारियों को इसकी सूचना मिल गई। बड़ी संख्या में कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। विरोध बढ़ता देख पुलिस ने हस्तक्षेप किया और सफाई कर्मचारी संघ के प्रधान बलजीत सहित कुछ महिला सफाई कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया। कर्मचारियों को हिरासत में लिए जाने के बाद मौके पर तनाव और बढ़ गया। PHOTOS में देखिए कैसे बने हालात… ये प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे इस कार्रवाई के दौरान एडीसी लक्षित सरीन, डीएसपी विनोद शंकर, तहसीलदार अनिल कुमार और नायब तहसीलदार सुरेश कुमार सहित नगर परिषद के अधिकारी मौके पर मौजूद थे। प्रशासनिक अधिकारियों की देखरेख में पुलिस बल के साथ जेसीबी मशीनों को शहर के विभिन्न स्थानों पर भेजा गया। इस तरह बनी तनाव की स्थिति… कचरा हटाने जेसीबी लेकर पहुंचे, हवा निकाली इससे पहले नगर परिषद कार्यालय के नजदीक भी तनाव की स्थिति बनी। प्रशासन जब वहां कचरा उठाने के लिए जेसीबी मशीन लेकर पहुंचा, तो आरोप है कि सफाई कर्मचारियों ने विरोध में जेसीबी के टायरों की हवा निकाल दी, ताकि कार्रवाई को रोका जा सके। भारी पुलिस बल लगाया, निगरानी कर रहे मौजूदा स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। महिला कर्मचारियों की उपस्थिति के कारण बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों को भी लगाया गया है। प्रशासन किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए लगातार निगरानी रख रहा है। इस दौरान वार्ड 11 के पार्षद प्रवीण वाल्मीकि और कुछ अन्य सफाई कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में प्रशासन ने हिरासत में लिए गए सफाई कर्मचारियों को छोड़ दिया।
हांसी में कचरा हटाने पहुंची टीम का विरोध:सफाई कर्मियों ने जेसीबी की निकाली हवा; प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया
