नारनौल में पटवारी रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार:जमीन इंतकाल के लिए मांगे थे 10 हजार, तीन हजार पहले लिए

Spread the love

हरियाणा के नारनौल में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को 7 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी की पहचान प्रदीप के रूप में हुई है, जो जमीन से जुड़े कार्य के बदले रिश्वत मांग रहा था। एसीबी के प्रभारी इंस्पेक्टर जयपाल सिंह ने बताया कि ओमप्रकाश नामक व्यक्ति ने उनसे लिखित शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया कि वह अपनी जमीन का अमल (इंतकाल/दाखिल-खारिज) चढ़वाने के लिए कंसोलिडेटेड ऑफिस में तैनात पटवारी प्रदीप से मिला था। इस दौरान पटवारी ने उससे 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। 3 हजार पहले लिए, 7 हजार शाम को देने को कहा शिकायत के अनुसार, आरोपी पटवारी ने पहले ही 3 हजार रुपए ले लिए थे और बाकी 7 हजार रुपए शाम को लाने के लिए कहा था। इस पर पीड़ित ने एसीबी से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी टीम ने तुरंत जाल बिछाया और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया। रंगे हाथों किया गिरफ्तार इंस्पेक्टर जयपाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने मौके पर छापा मारते हुए आरोपी पटवारी प्रदीप को 7 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ काबू कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। एसीबी की पूछताछ जारी एसीबी अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।