अंबाला सिटी के एक पुलिस थाने में हुए धमाके के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक व्यक्ति अपनी पहचान बताते हुए घटना से जुड़े कई दावे कर रहा है। वीडियो में थाने के फोटो, नुकसान से जुड़े दृश्य और कुछ सोशल मीडिया स्क्रीनशॉट भी दिखाए गए हैं। ऑडियो पंजाबी भाषा में है, जिसे हिंदी में अनुवाद कर साझा किया जा रहा है। हालांकि, इस वीडियो और ऑडियो की पुष्टि दैनिक भास्कर नहीं करता है। किस आईडी से आया वीडियो और क्या दिखाया गया वायरल वीडियो पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी की आईडी से भेजा गया बताया जा रहा है। वीडियो में शहजाद भट्टी का फोटो लगा है। इसके बाद बलदेव नगर थाने के फोटो और वीडियो दिखाए गए हैं। साथ ही, कुछ ऐसे सोशल मीडिया स्क्रीनशॉट भी साझा किए गए हैं, जिनमें धमाके की जिम्मेदारी लेने के दावे दिखाए गए हैं। वीडियो में दावा किया गया है कि यह सबूत बताते हैं कि घटना हुई है और कुछ लोगों ने इसकी जिम्मेदारी भी ली है। ऑडियो में क्या कहा गया, हिंदी अनुवाद में दावा ऑडियो में बोलने वाला खुद को शहजाद भट्टी बताता है। वह कहता है कि उसका संदेश भारत के प्रशासन और मीडिया के लिए है। उसके अनुसार, बीते 10 जनवरी को हरियाणा के अंबाला सिटी में बलदेव नगर पुलिस स्टेशन में धमाका हुआ था और इसमें दो लोगों को पकड़ा गया। दावा किया गया कि उन दोनों से मारपीट कर जबरन उसका नाम कहलवाने की कोशिश की जा रही है और एफआईआर में भी उसका नाम जोड़ने का प्रयास हो रहा है, जबकि इस घटना से उसका कोई लेना-देना नहीं है। जिम्मेदारी लेने वालों के पोस्ट का हवाला ऑडियो में कहा गया कि उसे सोशल मीडिया से कुछ पोस्ट मिली हैं, जो उन लोगों की हैं जिन्होंने धमाका करवाने का दावा किया है। उसके मुताबिक, उन लोगों ने जिम्मेदारी भी ली है और प्रूफ भी दिए हैं। आरोप लगाया गया कि अंबाला पुलिस के अफसरों ने पहले ही यह कहकर मामला दबा दिया कि कोई धमाका नहीं हुआ। ऑडियो में सवाल उठाया गया कि अगर धमाका नहीं हुआ तो फिर उसका नाम क्यों जोड़ा जा रहा है। मीडिया और पुलिस से जांच की मांग ऑडियो में भारत के सभी मीडिया से कहा गया है कि वे बलदेव नगर पुलिस स्टेशन जाकर देखें कि वहां क्या नुकसान हुआ है और इसकी जांच करवाई जाए कि धमाका किसने किया। साथ ही कहा गया कि जिन लोगों ने जिम्मेदारी ली है, उनकी पहचान की जाए। अगर हरियाणा पुलिस कह रही है कि धमाका नहीं हुआ, तो फिर उसका नाम किसी भी मामले में शामिल न किया जाए। वीडियो अपलोड करने की चुनौती और अंत में दावा ऑडियो में यह भी कहा गया है कि अगर पुलिस कहती है कि कुछ नहीं हुआ, तो अपने पुलिस स्टेशन की वीडियो सार्वजनिक कर दे। बोलने वाले ने यह भी कहा कि उसके पास भी वीडियो आई हुई है और कहने पर वह उसे अपलोड कर सकता है। अंत में दावा किया गया कि अगर वह कुछ करेगा तो उसे खुद कबूल करेगा, लेकिन बिना वजह उसे ज्यादा से ज्यादा मामलों में न घसीटा जाए। दैनिक भास्कर का स्पष्ट करना इस पूरे मामले में वायरल वीडियो और ऑडियो को लेकर दैनिक भास्कर किसी भी तरह की पुष्टि नहीं करता है। सोशल मीडिया पर चल रही सामग्री को लेकर पाठकों से सतर्क रहने की अपील की जाती है, जबकि प्रशासनिक स्तर पर जांच और आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है। यह था मामला अंबाला के बलदेव नगर थाने में 10 जनवरी को एक व्यक्ति ने मारुति 800 कार नंबर डीएल 3CAZ6681 खड़ी करके उसमें आग लगा दी थी। इसकी वीडियो बनाकर कई जगह भेज दी थी। यह पूरी घटना थाने में लगे सीसीटीवी कैमरा में कैद हो गई थी, वहीं मौके पर एसपी अंबाला अजीत सिंह शेखावत एसपी उत्तम और एसटीएफ अंबाला डीएसपी अमन कुमार फॉरेंसिक की टीम एवं बम स्क्वायड टीम के साथ-साथ सीआईडी की टीम और सीआईडी की टीम मौके पर पहुंची थी इस मामले में जानकारी देते हुए एसपी उत्तम ने बताया कि बलदेव नगर थाना में एक व्यक्ति अपनी गाड़ी लेकर आता है और वहां पर खड़ी करके चला जाता है फिर से वापस आता है और गाड़ी की वीडियो बनाता है व आग लगाकर चला जाता है।
अंबाला कार धमाके में पाकिस्तानी डॉन की एंट्री:सोशल मीडिया पर शहजाद भट्टी ने किया वीडियो जारी, पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल
