गोंडा में 5वीं पास एक युवक ने मजदूरी करके पत्नी को नर्सिंग (ANM) का कोर्स कराया। उसका कहना है कि पत्नी नौकरी मिलने के बाद अब साथ रहने को तैयार नहीं है। वह 10 लाख रुपए मांग रही है। कहती है कि अगर मेरे साथ रहना है तो बूढ़े माता-पिता को छोड़ दो। पति ने बताया कि पत्नी ने मायके में रहकर पढ़ाई की जिद की। मैंने दिन-रात मजदूरी की। उसकी पढ़ाई के खर्च के लिए भैंस तक बेच दी। अब पत्नी मुझसे पीछा छुड़ाना चाह रही। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर पढ़ाई में खर्च पैसे और जेवर वापस दिलाने की मांग की है। मामला मोतीगंज थाना क्षेत्र के चपरतल्ला कौरहे गांव का है। अब पूरा मामला पढ़िए चपरतल्ला कौरहे गांव के रहने वाले राजेश कुमार वर्मा की शादी 2001 में राम उजागर की बेटी रेनू वर्मा से हुई थी। वह पिपरा लालच गांव की रहने वाली हैं। राजेश ने बताया कि शादी के समय उनकी उम्र 8 से 10 साल थी। 17 साल बाद 2018 में गौना हुआ, जिसके बाद रेनू कुछ समय तक साथ में रहीं। इसी दौरान रेनू ने एएनएम कोर्स करने की इच्छा जताई। 2022 में वह मायके चली गईं। मेरे दिए हुए 12 हजार रुपए के पायल को बेचकर एडमिशन कराया। बाद में पत्नी की पढ़ाई में मैं भी सहयोग करने लगा। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के चलते पंजाब में रहकर नौकरी और लोहे की पल्लेदारी की। राजेश बोले- रेनू साथ रहने के लिए 10 लाख मांग रही राजेश का आरोप है कि गोंडा के एक अस्पताल में नौकरी मिलने के बाद अब पत्नी रेनू उनके साथ रहने को तैयार नहीं हैं। पत्नी और ससुराल वाले उन पर माता-पिता को छोड़कर गोंडा में अलग रहने का दबाव बना रहे। ऐसा न करने पर 10 लाख रुपए देकर समझौता करने को बोलते हैं। राजेश ने बताया कि उनके पिता मानसिक रूप से बीमार हैं। मां की आंखों की रोशनी चली गई है। ऐसे में वह माता-पिता को छोड़कर पत्नी के साथ चाहकर भी अलग नहीं रह सकते। पति 5वीं पास, पत्नी की पढ़ाई के लिए 2 भैंस बेची राजेश ने बताया कि पत्नी की पढ़ाई के लिए उन्होंने लाखों रुपए ऑनलाइन भेजे। इसके अलावा दो भैंस बेचकर 20 हजार और 15 हजार रुपए दिए। गन्ने की बिक्री से मिले 60 हजार रुपए भी पत्नी की पढ़ाई पर खर्च किए। पत्नी ने पढ़ाई के दौरान वादा किया था कि नौकरी लगने तक वह मायके में रहेंगी। नौकरी मिलने के बाद साथ रहने लगेगी। लेकिन अब वह घर आने को तैयार नहीं हैं। पत्नी और ससुराल पक्ष ने शादी और गौने के समय दिए गए जेवर भी अपने पास रख लिए। कई बार पत्नी को लेने ससुराल गए, लेकिन हर बार उन्हें टाल दिया गया। अब उन्होंने प्रशासन से न्याय दिलाने की मांग की है। मैं सिर्फ पांचवीं तक पढ़ा हूं। मजदूरी करके पत्नी को पढ़ाया, लेकिन अब वह कह रही है कि तुम्हारे घर नहीं आऊंगी। पत्नी ने कहा- पढ़ाई के लिए खुद पैसे जुटाए वहीं, रेनू वर्मा ने पति और ससुराल पक्ष के आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि जब भी वह अपने ससुराल जाती थीं, तब उनके पति और ससुर उनके साथ मारपीट करते थे। तभी वहां तीन-चार दिन से अधिक नहीं रह पाती थीं। पति और ससुराल वालों ने उन्हें पढ़ाई के लिए एक रुपए की मदद नहीं की। आर्थिक तंगी के कारण वह एक समय अपना परीक्षा फॉर्म तक नहीं भर पाईं। बाद में किसी तरह पैसे का इंतजाम कर पढ़ाई पूरी की और परीक्षा दी। वहीं पैसे मांगने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अपनी पढ़ाई और नौकरी पाने में पैसा खर्च किया है, तो उसका हिसाब जरूर मांगेंगी। गोंडा में नौकरी कर रही, पति मेरे साथ यहीं रहें रेनू वर्मा के मुताबिक, उन्होंने अपने पति से कहा था कि वह गोंडा में नौकरी कर रही हैं, इसलिए पति उनके साथ वहीं रहें। जब मौका मिलेगा, तब वह ससुराल जाएंगी। लेकिन पति और ससुराल पक्ष उन पर गांव में ही रहने का दबाव बना रहे। रेनू ने आरोप लगाया कि पति ने गोंडा स्थित किराए के कमरे पर आकर उनके साथ मारपीट कर चुके हैं। उनके खिलाफ एसपी कार्यालय से लेकर महिला थाने तक कई शिकायतें दी जा चुकी हैं। अब उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही। महिला थानाध्यक्ष अनीता यादव ने बताया- मामला हमारे यहां परिवार परामर्श केंद्र में चल रहा है। एक बार ये लोग आए हैं, पति पत्नी से कह रहा कि नौकरी छोड़कर हमारे घर पर रहे। पत्नी नौकरी छोड़ने को तैयार नहीं है। दोनों को रविवार को फिर बुलाया गया है। रेनू ने कहा था कि मैं घर जाऊंगी। इनको नहीं छोडूंगी , लेकिन मैं नौकरी छोड़कर घर पर भी नहीं रहूंगी। ———————— ये खबर भी पढ़िए- गर्लफ्रेंड को मारकर फेंका, जानवर पूरा शरीर खा गए: परिवार को सिर्फ हडि्डयां मिलीं; प्रयागराज में मां बोली- एक के बदले 4 जान चाहिए प्रयागराज में 17 साल के लड़के ने 9वीं में पढ़ने वाली गर्लफ्रेंड की हत्या कर दी। 17 दिन तक लाश झाड़ियों में पड़ी सड़ती रही। पूरा शरीर जानवर खा गए। छात्रा के घरवाले पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे तो उन्हें शव के नाम पर बेटी के कपड़े और हडि्डयां ही मिलीं। शव का इतना बुरा हाल था कि उसे देख मां सुनीता पाल बेहोश हो गईं। होश आने के बाद चीखती रहीं। कहा- ‘बदला चाहिए। एक जान गई है, बदले में चार जान चाहिए। कातिल के साथ उसके घरवालों और मामा की जान चाहिए। पढ़ें पूरी खबर…
नर्स पत्नी बोली- साथ रहना है तो मां-बाप को छोड़ो:गोंडा में पति का दर्द- 10 लाख मांग रही, उसकी पढ़ाई के लिए भैंस भी बेच दी
