हरियाणा के हांसी में कथित मनोरंजन मेले में झूलों और अश्लील डांस से जुड़ी खबर का असर हुआ है। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मेले का अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) रद्द कर दिया है। इसके बाद मेले का संचालन पूरी तरह रोक दिया गया है। मंगलवार को डीसी कार्यालय द्वारा जारी एक पत्र में मेले की अनुमति को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की बात कही गई। इस प्रशासनिक कार्रवाई के बाद मेले में सभी गतिविधियां बंद कर दी गईं।शहर थाना प्रभारी के नेतृत्व में जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो मेले में लगे झूले पहले से ही बंद पाए गए। माना जा रहा है कि कार्रवाई की सूचना मिलते ही आयोजकों ने अपनी गतिविधियां रोक दी थीं। हांसी प्रशासन द्वारा रद की गई एनओसी… महिला डांसरों से करवाया था अश्लील डांस यह कार्रवाई मेले में महिला डांसरों द्वारा स्टेज पर किए गए अश्लील डांस के बाद की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में परिवार सहित महिलाएं और बच्चे भी दर्शक के रूप में मौजूद थे, जिन्हें इस स्थिति से असहजता महसूस हुई। इसके अतिरिक्त, झूलों की सुरक्षा व्यवस्था और नियमों की अनदेखी को लेकर भी सवाल उठाए गए थे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जन सुरक्षा और सामाजिक मर्यादाओं से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। भाजपा नेता बोले- बिना अनुमति के लगाए फोटो बताया जा रहा है कि मेले के मुख्य द्वार पर पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, हांसी के विधायक विनोद भयाना और भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नेहा धवन के फोटो लगे मिले थे। हालांकि, इन तीनों नेताओं ने इस आयोजन से किसी भी संबंध से इनकार कर दिया था। वहीं, मंत्री गंगवा ने कहा कि उनकी अनुमति के बिना फोटो लगाना गलत है, जबकि विधायक भयाना ने भी अपनी कोई भागीदारी होने से साफ मना किया। बिना सुरक्षा मानक के लगाए गए 50 फुट ऊंचे झूले मेले में लगाए गए लगभग 50 फुट ऊंचे झूले भी चिंता का विषय हैं। आरोप है कि ये झूले बिना किसी सुरक्षा मानक या आवश्यक अनुमति के स्थापित किए गए। अभिभावक बच्चों की जिद पर उन्हें इन झूलों में बैठा रहे हैं, जिससे किसी भी समय दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। गौरतलब है कि हाल ही में सूरजकुंड मेले में झूला गिरने से एक पुलिस इंस्पेक्टर की मौत हो गई थी, जिसने ऐसे आयोजनों में सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
अश्लील डांस परोसने वाले हांसी मेले की NOC रद्द:प्रशासन ने लिया एक्शन; बिना इजाजत विधायक और मंत्री के फोटो भी लगाए थे
