समाचार · पंजाब
फाजिल्का में नए स्टेडियम में शराब का काला कारोबार:उद्घाटन से पहले तस्करों ने बनाया ठिकाना, इमारत और जमीन में छिपाया लहन बरामद
अवैध शराब के काले कारोबार के खिलाफ फाजिल्का पुलिस और आबकारी (एक्साइज) विभाग ने संयुक्त रूप से एक बड़ी कार्रवाई की है। जलालाबाद के सीमावर्ती गांव सूरघुरी में की गई इस छापेमारी के दौरान एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। तस्करों ने गांव में नव-निर्मित खेल स्टेडियम को ही अपना अवैध ठिकाना बना डाला। अभी इस सरकारी स्टेडियम का उद्घाटन भी नहीं हुआ था कि इससे पहले ही तस्करों ने यहाँ भारी मात्रा में अवैध कच्ची शराब (लाहन) का जखीरा छिपा दिया था, जिसे टीम ने बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दिया है। नई इमारत के कमरों से लेकर खेल के मैदान तक बिछा था जाल प्राप्त जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग और स्थानीय पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव सूरघुरी के नए खेल स्टेडियम में अवैध शराब का धंधा चल रहा है। इस पर कार्रवाई करते हुए जब संयुक्त टीम ने स्टेडियम में अचानक रेड की, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी दंग रह गए। मैदान के नीचे बना रखी थी डिग्गी स्टेडियम की नई बनी इमारत के कमरों के अंदर बड़े-बड़े ड्रमों में भरकर अवैध लाहन छिपाई गई थी। हद तो तब हो गई जब तस्करों ने खेल मैदान की जमीन को खोदकर उसके भीतर अवैध शराब की बकायदा 'डिग्गी' (भूमिगत टैंक) बना रखी थी। इस डिग्गी में भारी मात्रा में कच्ची देसी शराब छिपाकर रखी गई थी। मौके पर ही नष्ट की गई अवैध शराब पुलिस और एक्साइज विभाग की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए खेल मैदान में बनी अवैध डिग्गी को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही ड्रमों और डिग्गी से बरामद की गई हजारों लीटर कच्ची शराब (लाहन) को मौके पर ही बहाकर नष्ट कर दिया गया। सरकारी संपत्ति को निशाना बनाने वालों की तलाश तेज पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब माफिया के खिलाफ जिला पुलिस और एक्साइज विभाग पूरी तरह सख्त है और यह छापेमारी इसी मुहिम का हिस्सा है। फिलहाल, संबंधित थाने की पुलिस ने इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि आखिरकार इस नवनिर्मित सरकारी स्टेडियम को नशा तस्करों ने कैसे निशाना बनाया और इस घिनौने खेल के पीछे गांव के किन-किन तस्करों का हाथ है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।