entertainment · Tripura
BSF जवानों के साथ हुई बदसलूकी पर भड़के अनुपम खेर, बोले- 'वे भी किसी के बेटे और भाई हैं'

Anupam Kher BSF Jawans Tripura Attack: त्रिपुरा (Tripura) में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास बीएसएफ (BSF) के जवानों के साथ हुई मारपीट का मामला अब चर्चा में है. इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद अभिनेता अनुपम खेर (Anupam Kher) ने नाराजगी जताई है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर जवानों के साथ हुई बर्बरता पर सवाल उठाए. अनुपम का कहना है कि देश की सुरक्षा में तैनात जवान भी किसी के बेटे, भाई, पति और पिता हैं. उनके साथ हुई हिंसा को किसी भी हाल में सामान्य नहीं माना जाना चाहिए.
जवानों की पिटाई देखकर गुस्से में आए अनुपम खेर
आपको बता दें कि अनुपम खेर ने अपने वीडियो में बताया कि उन्होंने त्रिपुरा के सीमावर्ती इलाके का एक वीडियो देखा, जिसमें कुछ लोग बीएसएफ के जवानों को लाठी-डंडों और घूंसों से पीटते नजर आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि एक जवान को जमीन पर गिराने के बाद भी पीटा गया. यह देखकर उन्हें बहुत दुख हुआ और गुस्सा भी आया.
अभिनेता ने कहा कि जवान अपनी ड्यूटी कर रहे थे और देश की सीमाओं की सुरक्षा में लगे थे. ऐसे में उनके साथ इस तरह की मारपीट बेहद गलत है. उन्होंने यह भी कहा कि वर्दी पहनने का मतलब यह नहीं है कि जवानों को आम लोगों से अलग समझा जाए. वे भी हमारी तरह इंसान हैं और उनके परिवार वाले भी उनका इंतजार करते हैं.
'जवान के सम्मान और सुरक्षा के लिए आवाज उठाना जरूरी'
ऐसे में अनुपम खेर ने कहा कि जब किसी के साथ घरेलू हिंसा या अत्याचार होता है तो लोग उसके समर्थन में आवाज उठाते हैं. ऐसे में एक जवान के साथ हुई बर्बरता पर भी लोगों को खुलकर बोलना चाहिए. उन्होंने दुख जताया कि इस घटना पर वैसी नाराजगी देखने को नहीं मिली, जैसी होनी चाहिए थी.
उन्होंने उस जवान की भी तारीफ की, जिसने इतनी मार सहने के बाद भी अपना संयम नहीं खोया और हिंसा का जवाब हिंसा से नहीं दिया. अनुपम ने कहा कि यह जवान के अनुशासन और धैर्य को दिखाता है. उन्होंने जवान को सलाम करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं को कभी सामान्य मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.
View on Instagram
क्या है त्रिपुरा में बीएसएफ जवानों से मारपीट का मामला?
जानकारी के मुताबिक, 2 नवंबर को त्रिपुरा के बॉक्सानगर स्थित आशाबाड़ी इलाके में बीएसएफ की एक टीम तस्करी के खिलाफ अभियान चलाने पहुंची थी. इसी दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने अभियान में बाधा डाली और जवानों के साथ मारपीट शुरू कर दी. इस घटना में 3 से 4 जवानों के घायल होने की खबर है.
बताया गया कि हमलावरों ने जवानों के हथियार छीनने की कोशिश भी की. इतना ही नहीं, बीएसएफ के काफिले की गाड़ी पर भी लाठी-डंडों से हमला किया गया. घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई. मुख्यमंत्री माणिक साहा ने मामले में सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया था. इसके बाद कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई.
ये भी पढ़ें: विदेशी हसीनाओं के बीच ऋतिक रोशन ने बिखेरा जलवा, ब्लैक लुक में रेड कार्पेट पर मचाई धूम