समाचार · मध्य प्रदेश
NH-30 पर दो बाइकों की भिड़ंत, किशोर की मौत:मैहर के कटहा मोड़ पर आमने-सामने टकराईं बाइकें; दो घायल, एक गंभीर, सतना रेफर
मैहर जिले के अमरपाटन क्षेत्र में सोमवार रात NH-30 पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में 17 वर्षीय हनी साहू की मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हो गए। घटना ग्राम कटहा मोड़ के पास हुई। मझगवां निवासी हनी साहू (17), पिता पप्पू साहू, बाइक से अपने गांव जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर शरद यादव (19), पिता राजू यादव और अहिरगांव निवासी दीपनारायण यादव सवार थे। हादसे की सूचना मिलने पर हाईवे एंबुलेंस 1033 मौके पर पहुंची। तीनों घायलों को सिविल अस्पताल अमरपाटन ले जाया गया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने हनी साहू को मृत घोषित कर दिया। दीपनारायण यादव की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल सतना रेफर किया गया। शरद यादव का इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।