Saturday, 5 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

थर्मल पावर प्लांट्स में कोयले का स्टॉक आधा घटा, 50 प्लांट 'क्रिटिकल' स्थिति में; बिजली संकट टालने में जुटा मंत्रालय

INT News5 September 2026 at 01:30 pm

Power Crisis : देश में बिजली की बढ़ती मांग और मानसून के कारण आपूर्ति में आई रुकावटों के चलते थर्मल पावर स्टेशनों पर कोयले का स्टॉक तेजी से गिरकर आधे से भी कम रह गया है.

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में बताया गया कि केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (CEA) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, 2 सितंबर तक देश के 50 थर्मल प्लांट्स में कोयले की स्थिति 'क्रिटिकल' श्रेणी में पहुंच गई है. इन संयंत्रों के पास तय मानक का 25 प्रतिशत से भी कम कोयला भंडार शेष बचा है.

सिर्फ 9 दिन के उपयोग लायक बचा कोयला

सीईए की रिपोर्ट के अनुसार, लगभग 224 गीगावाट (GW) की कुल क्षमता वाले संयंत्रों के पास 58.7 मिलियन टन (MT) के तय मानक के मुकाबले सिर्फ 28.2 मिलियन टन कोयला ही उपलब्ध था, जो जरूरत का मात्र 48 प्रतिशत है. 85 प्रतिशत प्लांट लोड फैक्टर (PLF) पर यह उपलब्ध स्टॉक केवल 9 दिनों की बिजली उत्पादन क्षमता के बराबर है, जबकि सामान्य परिस्थितियों में प्लांट्स के पास कम से कम 19 दिनों का बैकअप होना जरूरी माना जाता है.

50 प्रभावित प्लांट्स में 45 पूरी तरह घरेलू कोयले पर निर्भर

क्रिटिकल सूची में शामिल 50 संयंत्रों में से 45 प्लांट पूरी तरह घरेलू कोयले से संचालित होते हैं. इसके अलावा चार संयंत्र आयातित कोयले पर आधारित हैं और एक वाशरी रिजेक्ट्स (कोयला धुलाई से बचा अपशिष्ट) पर चलता है. अधिकारियों ने बताया कि 85% पीएलएफ पर प्रतिदिन का मानक कोयला उपभोग 3.1 मिलियन टन आंका गया है, जबकि वास्तविक दैनिक खपत लगभग 2.4 मिलियन टन के आसपास रहती है.

कोयला मंत्रालय की सफाई- 'सप्लाई ठप नहीं, स्थिति नियंत्रण में'

कोयला मंत्रालय के अधिकारियों का कहना है कि किसी प्लांट को 'क्रिटिकल' घोषित करना सीईए के नियमों के तहत एक नियमित प्रक्रिया है, जिसका मतलब कड़ी निगरानी और प्राथमिकता के आधार पर सप्लाई पहुंचाना है. मंत्रालय ने भरोसा दिलाया है कि किसी भी प्लांट में सप्लाई पूरी तरह ठप नहीं हो रही है. अधिकारियों की एक अंतर-मंत्रालयी टीम रोजाना इन संयंत्रों पर नजर रख रही है. इसके साथ ही, बिजली आपूर्ति सुचारू रखने के लिए कुछ पावर प्लांट्स को अपने नियमित मेंटेनेंस को आगे टालने के निर्देश भी दिए गए हैं.

ये भी पढ़ें: गोल्ड मेडलिस्डट महिला रेसलर ने 2 बच्चों संग की आत्महत्या ! ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप