समाचार · पंजाब
मोगा के गोल्ड कोस्ट क्लब में 3.50 लाख की चोरी:AC की पाइपें-तारें और बैटरियां चुराने वाला आरोपी गिरफ्तार
मोगा के बुघीपुरा चौक स्थित गोल्ड कोस्ट क्लब से एसी की पाइपें, तारें और दो बैटरियां चोरी हो गई हैं। इस मामले में थाना मेहना पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है। चोरी हुए सामान की कीमत करीब 3.50 लाख रुपये बताई गई है। क्लब के मालिक अनुज गुप्ता (41 वर्ष, निवासी सरदार नगर, मोगा) ने पुलिस को बताया कि वह गोल्फ कोर्स क्लब के मालिक हैं। शिकायत में उन्होंने कहा कि 25 अगस्त 2026 को सुबह करीब 7 बजे कोई अनजान शख्स क्लब के अंदर से एसी की पाइपें, तारें और दो बैटरियां चुराकर ले गया। क्लब मालिक ने अपने स्तर पर पड़ताल की, जिसमें पता चला कि चोरी की वारदात रणजीत सिंह उर्फ गगन (पुत्र तरसेम सिंह, निवासी प्रीत नगर, मोगा) ने की है। शिकायत के आधार पर थाना मेहना पुलिस ने आरोपी रणजीत सिंह उर्फ गगन के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। चोरी हुए सामान को बरामद करने और वारदात से जुड़े दूसरे तथ्यों की जांच जारी है। मामले की जांच एएसआई अशोक कुमार (नंबर 457, मोगा) कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।