समाचार · उत्तर प्रदेश
कानपुर से दिल्ली जाने वालों के लिए खुशखबरी, रात में चलेगी नई ट्रेन, जानें टाइमिंग और स्टॉपेज

Kanpur Delhi New Train : कानपुर और दिल्ली के बीच रात में सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने नई ट्रेन सेवा को मंजूरी दी है. रेलवे बोर्ड ने कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार टर्मिनल के बीच दैनिक रात्रिकालीन ट्रेन चलाने की स्वीकृति दी है. ट्रेन नंबर 14153/14154 कानपुर सेंट्रल-आनंद विहार टर्मिनल-कानपुर सेंट्रल मेल रोजाना संचालित होगी. श्रमशक्ति एक्सप्रेस के बाद यह दूसरी ट्रेन होगी, जो रात में कानपुर से आनंद विहार जाएगी.
रात 8:40 बजे कानपुर से चलेगी ट्रेन
14153 कानपुर सेंट्रल-आनंद विहार मेल रात 8:40 बजे कानपुर सेंट्रल से रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:50 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी. वापसी में 14154 आनंद विहार-कानपुर सेंट्रल मेल रात 11:25 बजे आनंद विहार से चलेगी और सुबह 7:25 बजे कानपुर पहुंचेगी. ट्रेन फफूंद, इटावा, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद में ठहरेगी. हालांकि, अभी ट्रेन के संचालन की तारीख घोषित नहीं की गई है. इससे कानपुर के साथ इन स्टेशनों से सफर करने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी.
कानपुर-उधना के बीच चलेगी त्योहार स्पेशल ट्रेन
दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए कानपुर सेंट्रल-उधना (सूरत) के बीच साप्ताहिक त्योहार स्पेशल ट्रेन भी चलाने का निर्णय लिया गया है. ट्रेन नंबर 04167/04168 दो अक्टूबर से 28 नवंबर तक कुल नौ फेरे लगाएगी. 04167 कानपुर-उधना ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार रात 10 बजे कानपुर से चलेगी और शनिवार रात 9:40 बजे उधना पहुंचेगी. वापसी में 04168 उधना-कानपुर ट्रेन शनिवार रात 11:25 बजे रवाना होकर रविवार रात 10:10 बजे कानपुर पहुंचेगी. यह झींझक, फफूंद, इटावा, टूंडला, ईदगाह, फतेहपुर सीकरी, बयाना, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर, कोटा, रतलाम और वडोदरा समेत प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी.
26 सितंबर को चार ट्रेनों का बदलेगा रूट
गोरखपुर-गोंडा रेलखंड पर ऑटोमेटिक सिग्नलिंग कार्य के लिए नॉन इंटरलॉकिंग (NI) कार्य के चलते 26 सितंबर को कानपुर सेंट्रल से गुजरने वाली चार ट्रेनों का मार्ग बदला गया है. बरौनी और दरभंगा से नई दिल्ली तथा नई दिल्ली से दरभंगा और बरौनी जाने वाली ट्रेनें गोरखपुर के बजाय छपरा-बनारस-प्रयागराज होते हुए कानपुर सेंट्रल से चलेंगी. इनमें 02563 बरौनी-नई दिल्ली स्पेशल, 02570 नई दिल्ली-दरभंगा स्पेशल, 02564 नई दिल्ली-बरौनी स्पेशल और 02569 दरभंगा-नई दिल्ली स्पेशल शामिल हैं. इन ट्रेनों का सीवान, देवरिया सदर, गोरखपुर, बस्ती और ऐशबाग में ठहराव निरस्त रहेगा.
Must Read- बिहार जैसी घटना अब UP में हैवानियत: बदायूं के जंगल में प्रेमी युगल से लूटपाट फिर बनाया अश्लील वीडियो