समाचार · बिहार
छपरा की सड़क पर 15 फुट का गड्ढा, लगभग 3 फुट पानी भरा; बारिश में राहगीरों की बढ़ी परेशानी

Saran Rain Update : बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब के प्रभाव से सारण जिले में बीते 48 घंटे से रिमझिम बारिश हो रही है. यह बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आयी है, लेकिन छपरा शहर और निकाय क्षेत्र के लोगों की परेशानी बढ़ गयी है. शहर की पहले से बदहाल सड़कों पर बारिश का पानी जमा होने से जगह-जगह गड्ढे और जलजमाव की स्थिति बन गयी है. प्रमंडलीय मुख्यालय में बरहमपुर पुल से लेकर सरकारी बाजार, मौना-साढ़ा रोड और श्यामचक समेत कई इलाकों में लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है.
तीन किलोमीटर में 300 से अधिक गड्ढे
बरहमपुर पुल, साधा रेल ओवरब्रिज और प्रभुनाथ नगर होकर छपरा शहर में प्रवेश करने वाले मुख्य मार्ग की स्थिति खराब है. स्थानीय लोगों के अनुसार करीब तीन किलोमीटर की सड़क पर छोटे-बड़े 300 से अधिक गड्ढे हैं. बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है. इससे दोपहिया वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों को भी परेशानी हो रही है.
डीएम-एसपी आवास रोड पर भी परेशानी
शहर की वीआइपी सड़कों में शामिल डीएम-एसपी आवास रोड की स्थिति भी बेहतर नहीं है. बरहमपुर पुल से सरकारी बस स्टैंड रोड तक जगह-जगह गड्ढे और जलजमाव है. सरकारी बाजार और मौना-साढ़ा रोड पर भी बारिश का पानी जमा होने से लोगों को पानी के बीच से गुजरना पड़ रहा है. श्यामचक में जलजमाव के कारण ऑटो भी फंस गया.
15 साल से मरम्मत के भरोसे चल रही सड़क
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर लंबे समय से मरम्मत के नाम पर काम चल रहा है. करीब 15 वर्षों से सड़क पर जगह-जगह चिप्पी लगाकर काम चलाने का आरोप लगाया जा रहा है. लोगों का कहना है कि बार-बार टेंडर और निर्माण की बात होती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो पाया है. नमामि गंगे परियोजना के दौरान भी सड़क को नुकसान पहुंचने की बात स्थानीय लोगों ने कही.
दशहरा से पहले निर्माण नहीं हुआ तो आंदोलन
बारिश और जलजमाव से परेशान श्यामचक मोहल्ले के लोगों ने दशहरा से पहले सड़क निर्माण नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से उन्हें सड़क निर्माण का आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है. लोगों ने सड़क जाम समेत अन्य आंदोलन करने की बात कही है.
किसानों के लिए रिमझिम बारिश राहत
शहर में जलजमाव से परेशानी के बीच ग्रामीण क्षेत्र के किसान रिमझिम बारिश से खुश हैं. किसानों का कहना है कि धान की फसल के लिए यह बारिश फायदेमंद है. इससे खेतों की सिंचाई के लिए अतिरिक्त खर्च से राहत मिल रही है. किसानों के अनुसार धान की फसल के लिए यह बारिश काफी उपयोगी साबित हो रही है.
महापौर ने कहा- नगर निगम के अधीन नहीं है सड़क
छपरा नगर निगम की महापौर लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने कहा कि सड़क निर्माण को लेकर कई बार जिला प्रशासन को पत्र भेजा गया है और मौखिक रूप से भी जल्द निर्माण का आग्रह किया गया है. उन्होंने कहा कि यह सड़क नगर निगम के अधीन नहीं आती है.
दूसरी बार टेंडर की प्रक्रिया, जल्द होगा निर्णय
आरसीडी के कार्यपालक अभियंता अनुज कुमार ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए पहले टेंडर की प्रक्रिया पूरी की गयी थी, लेकिन कुछ तकनीकी कारणों से काम पूरा नहीं हो सका. अब दूसरी बार टेंडर की प्रक्रिया चल रही है. जल्द ही निर्णय होने के बाद सड़क निर्माण कराया जाएगा.