समाचार · छत्तीसगढ़
कांग्रेस के पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह का व्हाट्सएप अकाउंट हैक:परिचितों से ठग ने मांगे पैसे, रात आठ बजे वापस करने का वादा भी किया
छत्तीसगढ़ में साइबर ठग अब राजनीतिक नेताओं को भी लगातार निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला कांग्रेस के पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह से जुड़ा है, जिनका व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर लिया गया है। हैकर उनके नाम से परिचितों और समर्थकों को मैसेज भेजकर 28 हजार रुपए यूपीआई के जरिए भेजने की मांग कर रहा है। मामले की जानकारी मिलते ही बृहस्पति सिंह ने रायपुर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है। अब पढ़े क्या है पूरा मामला जानकारी के मुताबिक, हैकर बृहस्पति सिंह के व्हाट्सएप नंबर से लोगों को मैसेज भेज रहा है कि उसे तत्काल पैसों की जरूरत है और उसका UPI काम नहीं कर रहा है। वह यह भरोसा भी दिलाता है कि रात 8 बजे तक पूरी राशि वापस कर दी जाएगी। इसके बाद वह QR कोड भेजने या सीधे पैसे ट्रांसफर करने के लिए कहता है। पहले 'Hello', फिर मदद के बहाने मांग रहा 28 हजार हैकर बातचीत की शुरुआत "Hello" और "एक हेल्प चाहिए थी" जैसे सामान्य मैसेज से करता है। जब सामने वाला जवाब देता है तो वह तत्काल आर्थिक जरूरत का हवाला देकर 28 हजार रुपए भेजने की बात कहता है। कई लोगों को QR कोड भेजकर भुगतान करने की कोशिश भी की जा रही है। ऐसे मैसेज मिलने के बाद कुछ लोगों ने पूर्व विधायक से संपर्क किया, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ। लोगों से सतर्क रहने की अपील बृहस्पति सिंह ने लोगों से अपील की है कि उनके नाम से पैसे मांगने वाले किसी भी मैसेज पर भरोसा न करें और बिना पुष्टि किए कोई भुगतान न करें। उन्होंने कहा कि उनका व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो गया है और हैकर्स उसका गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। बता दें कि इससे पहले गरियाबंद जिले में भाजपा के कई नेताओं के व्हाट्सएप अकाउंट भी हैक किए जा चुके हैं। संदिग्ध मैसेज पर थाने में दे शिकायत: पुलिस पुलिस ने लोगों से किसी भी संदिग्ध मैसेज या भुगतान की मांग की तुरंत सूचना साइबर हेल्पलाइन या स्थानीय थाने में देने की अपील की है।