समाचार · झारखंड
सूटकेस, कुकर और आभूषण... बरियातू चोरीकांड का खुलासा, एक गिरफ्तार

रांची से राजेश कुमार की रिपोर्ट
रांची. रांची के बरियातू थाना क्षेत्र के सराई टांड़ में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है. पुलिस ने मामले में कुसुम बिहार, बनियाटोली निवासी अनुज बृजिया को गिरफ्तार किया है. वहीं, घटना में शामिल एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी का सामान बरामद किया है.
पुलिस के अनुसार, एक अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे चोरी की लिखित शिकायत मिली थी. इसके बाद बरियातू थाना में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गयी. पुलिस ने छापेमारी करते हुए अनुज बृजिया को गिरफ्तार किया और चोरी का सामान बरामद किया.
सूटकेस समेत कई सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से कपड़ों से भरा एक सूटकेस, पीतल जैसा दिखने वाला एक कलश, लाल रंग की एक जोड़ा चूड़ी, जिस पर चांदी जैसी परत चढ़ी हुई है, बरामद की है.
इसके अलावा सोने जैसी दिखनेवाली एक अंगूठी भी मिली है, जिसमें हीरे जैसा नग लगा हुआ है. पुलिस ने एक सीलबंद प्रेशर कुकर भी बरामद किया है.
बरामद आभूषणों की वास्तविक धातु और कीमत की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. फिलहाल पुलिस ने इन्हें इसी स्वरूप में बरामद सामान में शामिल किया है.
यह भी पढ़ें: जगन्नाथपुर रथ यात्रा मेला की निविदा पर शिकायत, रांची प्रशासन ने चार सदस्यीय जांच टीम बनायी
थाना प्रभारी के नेतृत्व में हुई छापेमारी
चोरी के मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने छापेमारी अभियान चलाया. अभियान में बरियातू थाना प्रभारी प्रकाश रजक, एदलहातू टीओपी के सहायक अवर निरीक्षक सुलेमान सोय समेत थाना के सशस्त्र बल शामिल थे.
पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है और चोरी की घटना में आरोपियों की भूमिका समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें: देश के लिए जीता गोल्ड, अपने घर में शौचालय तक नहीं; हॉकी खिलाड़ी विनीमा ने विधायक से लगायी गुहार