national
मुंबई में सीजेपी चीफ का ऐलान- ज्ञानेश कुमार ने इस्तीफा नहीं दिया तो 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर करेंगे आंदोलन

मुंबई में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने अब दिल्ली कूच का ऐलान किया है. इसी मांग को लेकर अब उन्होंने दिल्ली कूच का ऐलान किया है. संगठन ने कहा है कि अगर ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं, तो देशभर से ‘कॉकरोच’ 10 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचेंगे और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे.
सीजेपी ने कहा कि यह आंदोलन शांतिपूर्ण होगा और प्रदर्शनकारी महात्मा गांधी के दिखाए रास्ते पर चलेंगे. संगठन के मुताबिक, लोकतंत्र और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की मांग को लेकर यह आंदोलन किया जाएगा.
‘जहां रोकेंगे, वहीं बनेगा हमारा जंतर-मंतर’
सीजेपी ने दिल्ली पुलिस को लेकर भी अपना रुख स्पष्ट किया है. संगठन का कहना है कि अगर पुलिस प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर जाने से रोकती है, तो जिस जगह पर उन्हें रोका जाएगा, वहीं वे धरना-प्रदर्शन शुरू कर देंगे. सीजेपी ने इसे अपने आंदोलन का ‘जंतर-मंतर’ बनाने की बात कही है.
20 जुलाई की कार्रवाई का भी किया जिक्र
अपने बयान में सीजेपी ने 20 जुलाई को हुई कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार और दिल्ली पुलिस के सामने यह तय करने का विकल्प है कि वे शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार का सम्मान करें या फिर उस कथित कार्रवाई को दोहराएं, जिसे संगठन ने ‘क्रूरता’ बताया है.
‘लोकतंत्र बचाने की लड़ाई’ का दावा
सीजेपी ने अपने आह्वान में कहा कि उसका आंदोलन लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है. संगठन ने उन सभी नागरिकों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है, जो स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के पक्ष में हैं.