Saturday, 3 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · महाराष्ट्र

CJP Protest Mumbai : ‘ज्ञानेश ब्रो, बस इस्तीफा दो’, मुंबई में पोस्टर-मीम के जरिए युवाओं का प्रदर्शन

INT News3 October 2026 at 01:03 am

CJP Protest Mumbai : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शुक्रवार को मुंबई के शिवाजी पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा पहुंचे. पुलिस की बैरिकेडिंग और गर्मी के बावजूद प्रदर्शनकारी मैदान के आसपास जुटते रहे. प्रदर्शन में व्यंग्यात्मक पोस्टरों, नारों और फिल्मी संवादों के जरिए चुनाव आयोग और ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा गया. प्रदर्शनकारियों ने तिरंगा और विभिन्न पोस्टर हाथों में लेकर नारे लगाए. इनमें ‘ज्ञानू, तुझे डेमोक्रेसी पर भरोसा नहीं क्या?’, ‘ज्ञानेश ब्रो, बस इस्तीफा दो’ और ‘गद्दार ज्ञानू को जाना होगा’ जैसे नारे शामिल थे. छात्र संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं और युवाओं ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया.

दोपहर से जुटने लगे थे प्रदर्शनकारी

सीजेपी का प्रदर्शन शाम चार बजे प्रस्तावित था, लेकिन कार्यकर्ता और अन्य प्रदर्शनकारी दोपहर से ही शिवाजी पार्क के प्रवेश मार्गों के पास पहुंचने लगे थे. भीड़ को देखते हुए मुंबई पुलिस ने बैरिकेडिंग की. सेना भवन के पास वाहनों की आवाजाही पर भी रोक लगाई गई. प्रदर्शन को देखते हुए दादर रेलवे स्टेशन पर भी अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए. यात्रियों की आवाजाही को देखते हुए सरकारी रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली. शिवाजी पार्क के आसपास बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी तैनात रहे.

अनोखे अंदाज में जताया विरोध, मीम वाले पोस्टर्स ने ध्यान खींचा

दिल्ली प्रोटेस्ट की तरह यहां भी युवाओं ने प्रदर्शन के दौरान अलग अंदाज में भी अपनी बात रखी. मीम पोस्टर्स इस प्रदर्शन का भी यहम हिस्सा रहें. सायन के छात्र मनीष मंडल ने ‘मेलोडी’ चॉकलेट के रैपर से बनी ज्वैलरी पहनकर ‘फ्रॉड डिटर्जेंट पाउडर’ लिखा बैनर थामा. दूसरे मीम पोस्टर्स में ‘ज्ञानू, तुझे डेमोक्रेसी पर भरोसा नहीं क्या?’, ‘ज्ञानेश ब्रो, बस इस्तीफा दो’ और ‘गद्दार ज्ञानू को जाना होगा’ जैसे शामिल थे.पुणे से पहुंचे एआईएसएफ से जुड़े समूहों ने संगीत बजाकर ‘चले जाओ’, ‘वापस दो’ और ‘बंद करो’ जैसे नारे लगाए. प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने विभिन्न पोस्टर और तिरंगे लेकर नारे लगाए. कुछ पोस्टरों में ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई. प्रदर्शनकारियों ने मतदाता सूची और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़े मुद्दे भी उठाए.

गोदी मीडिया का मुद्दा फिर उठा

दिल्ली प्रोटेस्ट की तरह इस प्रदर्शन में भी कई मीडिया संस्थाओं को युवा प्रदर्शनकारी गोदी मीडिया कहकर सम्बोधित कर रहे थे. कुछ ने एनडीटीवी का रास्ता भी गोदी मीडिया बोलकर रोकने की कोशिश की

गांधी और अंबेडकर के विचारों का उल्लेख

महात्मा गांधी की जयंती के मौके पर आयोजित प्रदर्शन में मंच से अहिंसा और सादगी के विचारों का उल्लेख किया गया. इस दौरान डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर को भी श्रद्धांजलि दी गई. प्रदर्शनकारियों ने अपने विरोध को संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों से जोड़ा.

कुछ स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन पर जताई आपत्ति

प्रदर्शन के दौरान शिवाजी पार्क के रहिवासियों में से कुछ लोगों ने इस प्रोटेस्ट को लेकर आपत्ति जताई कि इस प्रोटेस्ट से उन्हें परेशानी हो रही है. जिसके बाद शिवाजी पार्क में हंगामे की स्थिति बनी. प्रशासन ने किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की थी.हालाँकि इस पर जावेद अख्तर ने ट्विटर पर इन रहिवासियों पर जमकर निशाना साधा है

फिल्मी हस्तियां भी प्रदर्शन में पहुंचीं

प्रदर्शन में अभिनेता नसीरुद्दीन शाह, अभिनेत्री शबाना आजमी और गायक विशाल ददलानी भी शामिल हुए. शबाना आजमी ने प्रदर्शन से पहले लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की थी. विशाल ददलानी ने भी प्रदर्शन में शामिल होने की घोषणा की थी. फ़िल्मी हस्तियों के खास नामों में विशाल भारद्वाज और रेखा भारद्वाज का नाम भी शामिल है.

ये भी पढ़ें: CJP Jail Bharo Andolan: मुंबई में खत्म हुआ सीजेपी का विरोध प्रदर्शन, दीपके ने मुंबई पुलिस को कहा 'थैंक यू'