Monday, 9 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · दिल्ली

Delhi Firecracker Accident: पटाखा हादसे में 10 साल के बच्चे की मौत, मां ने अस्पताल पर लगाया लापरवाही का आरोप

INT News9 November 2026 at 03:47 pm

Delhi Firecracker Accident: दिल्ली के नरेला इलाके में दिवाली के दौरान पटाखे से हुए हादसे में 10 साल के बच्चे की मौत हो गई. बच्चे की मां अंजलि ने अस्पताल पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है. उन्होंने मामले में न्याय की मांग की है. मां का कहना है कि अस्पताल पहुंचने के समय उनका बेटा सांस ले रहा था, लेकिन उसे उचित इलाज नहीं मिला.

मां ने बताई हादसे की पूरी घटना

ANI से बातचीत में अंजलि ने बताया कि उनका बेटा अनार और स्काई शॉट्स जैसे पटाखे जला रहा था. इसी दौरान एक पटाखा पीछे से आकर उसके सीने में लगा. मां के मुताबिक, इससे बच्चे की धमनियों को नुकसान पहुंचा. परिवार उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन उन्होंने आरोप लगाया कि वहां बच्चे का सही तरीके से इलाज नहीं किया गया.

अस्पताल पर डराने और धमकाने का भी आरोप

अंजलि ने आरोप लगाया कि अस्पताल में इलाज के बजाय उनके परिवार को डराने और धमकाने की कोशिश की गई. उन्होंने कहा, "मैं न्याय चाहती हूं." हालांकि, अस्पताल की ओर से इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

दिल्ली पुलिस कर रही है मामले की जांच

दिल्ली पुलिस के अनुसार, पटाखा बच्चे के हाथ में फटने से वह घायल हुआ था. उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे में किस तरह के विस्फोटक का इस्तेमाल हुआ था और किन परिस्थितियों में यह घटना हुई.

नरेला की रबर फैक्ट्री में भी लगी आग

इस बीच, दिल्ली के नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में एक रबर फैक्ट्री में आग लगने की घटना भी सामने आई. दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों के मुताबिक, रविवार रात करीब 8:33 बजे आग लगने की सूचना मिली. इसके बाद दमकल की सात गाड़ियों को मौके पर भेजा गया. अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पाने के बाद कूलिंग ऑपरेशन चलाया गया.

ये भी पढ़ें: 'कोई स्वयंसेवक नहीं, इब्राहिम ने किया था RSS का बचाव...', मोहन भागवत ने सुनाया 90 साल पुराना किस्सा