समाचार · मध्य प्रदेश
झाबुआ में 2 साल की बच्ची को सांप ने डंसा:खवासा में खेलते समय मासूम की मौत; ग्रामीणों ने जहरीले सांप को पकड़ा
झाबुआ जिले के टोडा फालिया में गुरुवार रात अपने आंगन में खेल रही दो साल की एक मासूम बच्ची की सांप के काटने से मौत हो गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। यह घटना गुरुवार रात करीब 8 बजे की है। देवानंद डामर की दो वर्षीय बेटी साक्षी अपने घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान वहां अचानक निकले एक जहरीले सांप ने मासूम को डंस लिया। बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिवार के लोग तुरंत दौड़कर मौके पर पहुंचे। अस्पताल पहुंचने से पहले ही जहर फैलने से तोड़ा दम परिजन गंभीर हालत में बच्ची को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल लेकर रवाना हुए। सांप का जहर शरीर में इतनी तेजी से फैला कि अस्पताल पहुंचने तक बच्ची की स्थिति बेहद खराब हो चुकी थी। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच करते ही बच्ची को मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने सांप को पकड़ा मासूम की अचानक हुई मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों ने बच्ची को काटने वाले सांप को ढूंढकर पकड़ लिया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शुक्रवार को बच्ची के शव का पीएम कराया जाएगा।