Friday, 3 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

हाजीपुर में जन्मदिन पार्टी के बहाने दोस्त को बुलाकर मारी गोली, जांच में प्रेम प्रसंग की बात आई सामने

INT News2 July 2026 at 09:59 pm

Hajipur Birthday Party Shooting : (अभिषेक कुमार) वैशाली जिले के हाजीपुर में जन्मदिन की पार्टी के बहाने बुलाकर एक युवक को गोली मारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. नगर थाना और गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित हरवंसपुर दियारा में गुरुवार को हुई इस वारदात में छोटी यूसुफपुर निवासी शुभम कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. गोली उसके सीने में लगी है. प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) रेफर किया गया है. पुलिस की शुरुआती जांच में घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है.

पहले साथ में की पूजा, फिर जन्मदिन पार्टी के नाम पर बुलाया

घायल शुभम कुमार ने पुलिस को बताया कि करणपुरा निवासी अंशु कुमार से उसकी दोस्ती करीब पांच-छह दिन पहले हुई थी. गुरुवार को दोनों ने साथ में बाबा हरिहरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की. इसके बाद अंशु ने जन्मदिन की पार्टी मनाने की बात कहकर उसे डीआरसीसी कार्यालय से करीब दो किलोमीटर दूर हरवंसपुर दियारा में बुलाया.

साथियों के साथ मिलकर सीने में मारी गोली

शुभम का आरोप है कि दियारा पहुंचते ही अंशु अपने अन्य साथियों के साथ वहां मौजूद था. बातचीत के दौरान अचानक उस पर गोली चला दी गई. गोली सीधे उसके सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा.

गोली लगने के बाद भी एक किलोमीटर पैदल चला

गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद शुभम ने हिम्मत नहीं हारी. वह करीब एक किलोमीटर तक पैदल चलकर गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र के गिदरवा टोला पहुंचा. वहां स्थानीय लोगों ने उसे खून से लथपथ हालत में देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया.

Hajipur News : प्रेम प्रसंग बना हमले की वजह

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों युवक एक ही युवती से प्रेम करते थे. इसी बात को लेकर दोनों के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था. घायल शुभम ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उसकी शारीरिक बनावट को लेकर भी ईर्ष्या रखता था, जिससे दोनों के बीच तनाव बढ़ गया था.

vaishali News : आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-1 सुबोध कुमार, गंगा ब्रिज थानाध्यक्ष दीपक कुमार और नगर थानाध्यक्ष सिकंदर कुमार सदर अस्पताल पहुंचे और घायल का बयान दर्ज किया. एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मुख्य आरोपी अंशु कुमार समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.

Also Read : पश्चिम बंगाल से 5 किलो सोना लूटकांड का फरार आरोपी वैशाली से दबोचा गया, पटना सिटी में भी STF की छापेमारी