Monday, 20 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

सरकारी जमीन पर कब्जे का विवाद, दो पक्ष भिड़े:बकरी चराने से शुरू हुआ झगड़ा, लाठी-डंडे और चाकू चले, आशा कार्यकर्ता समेत कई घायल

INT News19 July 2026 at 02:44 pm

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र के करकरा गांव में रविवार सुबह सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर चल रहे पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बकरी चराने की बात पर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे, और चाकू चलने से एक पक्ष की आशा कार्यकर्ता सहित कई लोग घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष के भी छह से अधिक लोगों को चोटें आई हैं। घटना के बाद दोनों पक्ष शिकायत लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

खेत में बकरी पहुंची तो डंडों-चाकू से हमला

पहले पक्ष के घायल भारत सिंह ने बताया कि गांव की सरकारी जमीन पर वर्षों से उनका कब्जा है। उनकी बहन एवं आशा कार्यकर्ता गीताबाई उस जमीन पर तिल्ली की फसल लगा रही थीं। इसी दौरान राहुल की बकरियां खेत में पहुंच गईं। बकरी चराने को लेकर हुई कहासुनी के बाद राहुल ने कथित रूप से पत्थर फेंके। इसके बाद बजेसिंह, गोलू, नितेश, दीपक, कुशाल, धापूबाई और रीना बाई सहित अन्य लोगों ने लाठी-डंडों और चाकू से हमला कर दिया। हमले में गीताबाई की पीठ पर चोट आई, मांगीलाल के सिर और मुंह पर गंभीर चोट लगी, जबकि संतोष बाई के हाथ पर चाकू से वार होने का आरोप लगाया गया।

जान बचाकर गए, तो पीछे से पहुंच गए

वहीं दूसरे पक्ष के राहुल का कहना है कि जिस सरकारी जमीन को लेकर विवाद हुआ, उस पर वर्षों से उनका कब्जा है। रविवार सुबह उनकी बकरियां वहां चर रही थीं। इसी दौरान गीताबाई से विवाद हुआ। राहुल का आरोप है कि इसके बाद भारत, मांगीलाल, भीमसिंह, दिलखुश, देवराज, रेशम बाई और संता बाई सहित अन्य लोग लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। जान बचाकर भागने के बाद भी आरोपित उनके बड़े पापा के घर तक पहुंच गए और वहां घुसकर मारपीट की। इस घटना में दीपक, उर्मिला, बबली बाई, धापूबाई, राहुल, कुशाल, ईश्वर और नितेश घायल हुए हैं। दोनों पक्ष खिलचीपुर थाने पहुंचे

मारपीट के बाद दोनों पक्ष खिलचीपुर थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। सभी घायलों को इलाज के लिए खिलचीपुर अस्पताल भेजा गया। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।