समाचार · झारखंड
चांडिल में जल्द शुरू होगा 100 बेड का अस्पताल, कांग्रेस कमेटी की बैठक में बोले नमन बिक्सल कोंगाड़ी

Saraikela Kharsawan News: सरायकेला-खरसावां जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक बुधवार को चांडिल डैम रिसॉर्ट परिसर में आयोजित हुई. बैठक में संगठन की मजबूती, मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में जंगली हाथियों के बढ़ते आतंक और 100 बेड वाले अनुमंडलीय अस्पताल को जल्द शुरू कराने सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक में झारखंड प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष, रांची लोकसभा प्रभारी एवं कोलेबिरा विधायक नमन बिक्सल कोंगाड़ी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए.
बूथ स्तर पर कांग्रेस को मजबूत करने का फैसला
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक नमन बिक्सल कोंगाड़ी ने कहा कि कांग्रेस पूरे देश में संगठन सृजन अभियान चला रही है. प्रदेश से लेकर जिला, प्रखंड और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने का कार्य किया जा रहा है, ताकि पार्टी और अधिक सशक्त होकर जनता के बीच अपनी भूमिका निभा सके. उन्होंने कहा कि संविधान ने प्रत्येक नागरिक को मतदान का अधिकार दिया है, लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बनाने का प्रयास कर रही है. चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर सत्ता में बने रहना चाहती है.
100 बेड के अस्पताल से बेहतर होगी स्वास्थ्य सेवाएं
बैठक के बाद विधायक नमन बिक्सल कोंगाड़ी ने चांडिल के गांगुडीह स्थित सौ बेड वाले अनुमंडलीय अस्पताल का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने दूरभाष पर सिविल सर्जन और स्वास्थ्य मंत्री कार्यालय के अधिकारियों से बातचीत कर अस्पताल की स्थिति की जानकारी ली तथा इसे जल्द से जल्द चालू कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अस्पताल शुरू होने से चांडिल अनुमंडल के हजारों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी.
जंगली हाथियों के बढ़ते आतंक पर भी चर्चा
विधायक ने ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में जंगली हाथियों के बढ़ते आतंक को लेकर भी वन विभाग के डीएफओ से बातचीत कर प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करने और ग्रामीणों को राहत दिलाने की मांग की. इस अवसर पर जिला प्रभारी बेलस तिर्की, जिलाध्यक्ष राज बागची, कार्यकारी जिलाध्यक्ष तरुण डे, सुनील सहाय, सानू रहमान, बुद्धेश्वर मांझी, पशुपति सिंह सरदार, प्रभु सिंह, मनमन सिंह, सिद्धू मुंडा, भीम सिंह मुंडा, विपद तारण महतो, दुर्योधन गोप, तस्लीमा मलिक, तरुण प्रामाणिक, उपेंद्र गिरी आदि उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें…
सरायकेला: 3 पंचायतों को मिला PCC सड़क और नाली का तोहफा, कीचड़ और जलजमाव की समस्या होगी दूर
सरायकेला-खरसावां : जमीन विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई की पत्नी को मार डाला, फिर खुद पहुंचा थाना