समाचार · बिहार
गया जी : 20 साल अकेले खोदी 5000 फीट नहर, पहाड़ का पानी गांव तक पहुंचाया; लौंगी भुइंया को मिला ‘रियल हीरोज’ सम्मान

गया जी के बांकेबाजार प्रखंड की लुटुआ पंचायत अंतर्गत कोठिलवा गांव के रहने वाले लौंगी भुइंया को ‘द बेस्ट ऑफ रियल हीरोज’ सम्मान से नवाजा गया है. पटना स्थित चंद्रगुप्त इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट के ऑडिटोरियम में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें प्रशस्ति पत्र और 31 हजार रुपये का चेक प्रदान कर सम्मानित किया. लौंगी भुइंया को यह प्रतिष्ठित सम्मान मिलने की खबर से बांकेबाजार और आसपास के पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है.
इस कार्यक्रम में बिहार के ऐसे 17 लोगों का चयन किया गया, जिन्होंने अपने असाधारण कार्यों से समाज के लिए एक मिसाल कायम की है. इन्हीं सच्चे नायकों में लौंगी भुइंया का भी चयन किया गया.
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान, सांसद शांभवी चौधरी समेत बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे.
पहाड़ का पानी गांव तक पहुंचाने की ठानी थी
लौंगी भुइंया उस समय देश-दुनिया की सुर्खियों में आये थे, जब उन्होंने अपने गांव तक पहाड़ का पानी पहुंचाने के लिए अकेले करीब 5000 फीट लंबी नहर खोद डाली थी. अत्यंत कठिन और विषम परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने 20 वर्षों तक लगातार कड़ी मेहनत कर पहाड़ से पानी को गांव तक लाने का रास्ता तैयार किया था. उनके इस अनूठे प्रयास ने न केवल स्थानीय ग्रामीणों का ध्यान खींचा, बल्कि दूर-दूर तक उनकी मेहनत की चर्चा होने लगी.
Also Read : पितृपक्ष में श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सुविधा, पुनपुन घाट और अनुग्रह नारायण स्नान घाट पर 17 ट्रेनों को मिलेगा 2 मिनट का ठहराव
सम्मान मिलने से बांकेबाजार में खुशी का माहौल
अपने इस असाधारण प्रयास के लिए लौंगी भुइंया को इससे पहले भी कई मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है. अब मुख्यमंत्री के हाथों ‘द बेस्ट ऑफ रियल हीरोज’ सम्मान मिलने से ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा जा रहा है.
Also Read : पितृपक्ष मेले का उद्घाटन करेंगे CM सम्राट, गया जी आनेवालों को पिंडदान-होटल-इमरजेंसी की जानकारी एक क्लिक पर मिलेगी
ग्रामीणों का कहना है कि लौंगी भुइंया ने अपने दृढ़ संकल्प और अदम्य मेहनत से यह साबित कर दिखाया है कि यदि सच्ची इच्छाशक्ति हो, तो सीमित संसाधनों में भी समाज में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है.