समाचार · उत्तर प्रदेश
पूर्वजों की याद में गांव के लिए करना चाहते हैं कुछ खास? UP सरकार देगी 40% पैसा, जानें किन कामों पर मिलेगी मदद

UP Government Scheme: गांवों के विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार ने मातृभूमि योजना शुरू की है. इसके तहत कोई व्यक्ति या निजी संस्था अपने पैतृक गांव या क्षेत्र में पूर्वजों और माता-पिता की याद में सार्वजनिक उपयोग के लिए निर्माण कार्य कराती है, तो परियोजना की कुल लागत का 40 प्रतिशत हिस्सा सरकार वहन करेगी. योजना के तहत कराए जाने वाले कार्यों पर संबंधित व्यक्ति का शिलापट्ट भी लगाया जाएगा.
गांव के विकास में योगदान के लिए प्लेटफॉर्म
उत्तर प्रदेश मातृभूमि योजना के तहत प्रधान, प्रमुख, उच्च पदों पर कार्यरत लोग या निजी संस्थाएं अपने गांव, क्षेत्र या जिले में सामाजिक उपयोग के काम करा सकती हैं. इसका उद्देश्य सुविधा-संपन्न लोगों और प्रवासियों को अपनी मातृभूमि से जोड़ना और उन्हें गांव के विकास में आर्थिक योगदान के लिए व्यवस्थित मंच उपलब्ध कराना है. योजना के क्रियान्वयन और प्रचार-प्रसार के लिए निदेशक पंचायती राज ने जिलाधिकारियों और मुख्य विकास अधिकारियों को पत्र भेजा है.
इन कामों पर मिलेगा सरकारी सहयोग
योजना के तहत ग्राम पंचायत या क्षेत्र पंचायत में बरात घर, स्कूल-कॉलेज और स्मार्ट क्लास का निर्माण कराया जा सकता है. इसके अलावा सीसी रोड, आरसीसी ड्रेन, ओपन जिम, स्किल सेंटर, सामुदायिक भवन, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र और उप चिकित्सा केंद्र के भवन भी शामिल हैं. विद्यार्थियों के लिए हॉस्टल, चौराहों पर सीसीटीवी, पुस्तकालय, व्यायामशाला और अंत्येष्टि स्थल का निर्माण भी कराया जा सकता है.
सोलर लाइट, यात्री शेड और तालाब भी शामिल
मातृभूमि योजना में वाटर कूलर, यात्री शेड और तालाब के सौंदर्यीकरण जैसे काम भी किए जा सकते हैं. गांवों में सोलर स्ट्रीट लाइट और एलईडी लाइट लगाने का प्रावधान भी योजना में शामिल है. सीडीओ सार्थक अग्रवाल ने बीडीओ, एडीओ पंचायत और ग्राम पंचायतों के प्रशासकों को योजना का प्रचार-प्रसार करने और लोगों को विभिन्न विकास कार्यों के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए हैं.
Must Read: नवरात्र-दशहरा पर इन रूटों पर चलेंगी 200 अतिरिक्त बसें, मीरजापुर-वाराणसी रूट पर सबसे ज्यादा 65 बसें, जानें पूरी लिस्ट