समाचार · मध्य प्रदेश
बाइक-सवार पर डंडे से हमला करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार:इंदौर में 250 CCTV खंगालकर पहुंची पुलिस; तीसरे की तलाश जारी
इंदौर में बाइक सवार पर डंडे से हमला कर उसे घायल करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस को 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी पड़ी, जिसके बाद उनका सुराग मिला। एमआईजी थाना प्रभारी सी.बी. सिंह ने बताया कि 17 जुलाई को फरियादी निखिल (22) पुत्र विनोद पाटिल, निवासी कृष्णबाग कॉलोनी, ड्यूटी खत्म कर बाइक से सत्यसाई चौराहे से अपने घर जा रहा था। अलसुबह करीब 4 बजे जब वह बर्फानी धाम स्थित पानी की टंकी के पास पहुंचा, तो सड़क पर पड़ी एक ईंट को बाइक पर बैठे-बैठे पैर से हटाने लगा। तभी सामने से बाइक पर आए तीन बदमाशों में से एक ने उसके मुंह पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। 250 सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तब मिला सुराग घटना के बाद फरियादी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में आरोपियों के हुलिए और पहने हुए कपड़ों के रंग के आधार पर उनकी पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने गौतम पुत्र गोपाल बिल्लौरे और अरुण पुत्र मुकेश बनिया, दोनों निवासी कृष्णबाग कॉलोनी, को गिरफ्तार कर लिया। वहीं तीसरे आरोपी शुभम पुत्र राकेश रोकड़े, निवासी कृष्णबाग कॉलोनी, की तलाश जारी है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल डंडा और बाइक भी जब्त कर ली है। घटना स्थल ले गए, लोगों का लगा मजमा गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों आरोपियों को घटना स्थल पर लेकर पहुंची, जहां उनसे वारदात का घटनाक्रम समझा गया। पुलिस ने पूछा कि वे किस दिशा से आए और हमला करने के बाद किस रास्ते से फरार हुए। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। गिरफ्तारी के दौरान हुई धक्का-मुक्की में आरोपी घायल हो गए थे, जिसके कारण उन्हें चलने में भी परेशानी हो रही थी। वे पुलिसकर्मियों के सहारे चलते नजर आए।