समाचार · उत्तर प्रदेश
यूपी के रसोइयों की बल्ले-बल्ले, अब मिलेगा ₹3000 मानदेय, अक्टूबर में मिलेगी बढ़ी रकम, जानें कब और कैसे होगा भुगतान

UP News: स्कूलों में बच्चों के लिए खाना तैयार करने वाले रसोइयों के लिए राहत की खबर है. उत्तर प्रदेश में पीएम पोषण योजना के तहत काम कर रहे करीब 3.54 लाख रसोइयों का मानदेय बढ़ा दिया गया है. सितंबर से उन्हें अब 2,000 रुपये की जगह 3,000 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे. बढ़ी हुई राशि का भुगतान अक्टूबर में समय पर करने के निर्देश दिए गए हैं.
हर महीने 1,000 रुपये बढ़ा मानदेय
पीएम पोषण योजना के तहत प्रदेश के करीब 1.42 लाख राजकीय, परिषदीय और सहायता प्राप्त विद्यालयों में बच्चों को भोजन उपलब्ध कराया जाता है. इन स्कूलों में करीब 1.46 करोड़ छात्र-छात्राएं योजना से जुड़े हैं. रसोइयों के मानदेय का भुगतान जिलाधिकारी के माध्यम से किया जाता है. मानदेय के भुगतान में देरी को लेकर जिलों से शिकायतें मिलती रही हैं. इसे देखते हुए शासन ने सभी जिलों को समय से भुगतान करने के निर्देश दिए हैं. सितंबर से लागू बढ़े हुए मानदेय के अनुसार अक्टूबर में रसोइयों को 3,000 रुपये का भुगतान किया जाएगा.
बच्चों की थाली में पोषण का भी रखा जाता है ध्यान
पीएम पोषण योजना में बच्चों को दिए जाने वाले भोजन के लिए पोषण मानक भी तय किए गए हैं. प्राथमिक कक्षाओं के प्रत्येक बच्चे के भोजन में 450 कैलोरी और 12 ग्राम प्रोटीन का प्रावधान है. वहीं, उच्च प्राथमिक स्तर के बच्चों के लिए 700 कैलोरी और 20 ग्राम प्रोटीन का मानक निर्धारित है. बच्चों को हर सोमवार मौसमी फल भी दिए जा रहे हैं. भोजन की गुणवत्ता बेहतर बनाए रखने के लिए निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं.
7,849 स्कूलों में संस्थाएं उपलब्ध करा रहीं भोजन
प्रदेश के 7,849 विद्यालयों में स्वयंसेवी संस्थाओं के माध्यम से करीब 9,91,338 विद्यार्थियों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है. इसके अलावा सात जिलों में अक्षय पात्र संस्था के माध्यम से भी विद्यार्थियों के लिए भोजन तैयार कर उपलब्ध कराया जा रहा है. रसोइयों के मानदेय में हुई बढ़ोतरी से उन्हें हर महीने 1,000 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे. समय पर भुगतान के निर्देश से उन रसोइयों को भी राहत मिलेगी, जिन्हें मानदेय के लिए अक्सर इंतजार करना पड़ता है.
Also Read: UP ITI Admission: 27 सितंबर से चौथे चरण की काउंसलिंग, अब वंचित छात्रों को मिलेगा मौका, जानें कब होगा एडमिशन