Saturday, 26 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

गया जी पितृपक्ष 2026: विष्णुपद मंदिर में मोबाइल को लेकर बदला नियम, श्रद्धालुओं के लिए किए गए ये इंतजाम

INT News25 September 2026 at 05:14 pm

गया जी में आज से शुरू हुए 17 दिवसीय पितृपक्ष मेले को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर प्रबंधन की ओर से कई व्यवस्थाएं की गई हैं. इस बार विष्णुपद मंदिर में मोबाइल फोन को लेकर भी श्रद्धालुओं को राहत दी गई है. पितृपक्ष मेला अवधि के दौरान श्रद्धालु अपना मोबाइल फोन विष्णुपद मंदिर के गर्भगृह तक ले जा सकेंगे. मंदिर समिति के अध्यक्ष शंभू लाल विट्ठल के अनुसार, मेला अवधि में मोबाइल फोन ले जाने पर किसी तरह की रोक नहीं रहेगी.

पितृपक्ष में गर्भगृह तक ले जा सकेंगे मोबाइल

शंभू लाल विट्ठल ने बताया कि देश-विदेश से श्रद्धालु गया जी में पिंडदान और अन्य कर्मकांड के लिए पहुंचते हैं. कई श्रद्धालु कर्मकांड की तस्वीर और यादें अपने साथ रखना चाहते हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए मेला के दौरान मोबाइल फोन को लेकर यह व्यवस्था की गई है. हालांकि, सामान्य दिनों में मंदिर प्रांगण में मोबाइल फोन ले जाने पर समिति की ओर से रोक रहती है.

12 अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती

पितृपक्ष मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने को देखते हुए विष्णुपद मंदिर परिसर में 12 अतिरिक्त सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था की गई है. जरूरत के अनुसार अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे. मंदिर प्रबंधन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की जानकारी दी गई है.

पितृपक्ष से जुड़ी सभी खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

आठ अतिरिक्त सफाईकर्मी रहेंगे तैनात

मेला अवधि में मंदिर परिसर और आसपास साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर रखने के लिए आठ अतिरिक्त सफाईकर्मियों की व्यवस्था की गई है. इसके अलावा मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं के लिए पेयजल और रोशनी की समुचित व्यवस्था किए जाने की बात कही गई है. विष्णुपद मंदिर प्रांगण के अलावा गयासिर, गयाकूप, भीमगया, आम्रसिंचन सहित अन्य वेदी स्थलों में जो कमियां थीं, उन्हें भी दूर करने की जानकारी दी गई है.

10 ट्रांसफॉर्मर की क्षमता बढ़ाई गई

पितृपक्ष मेले के दौरान सुरक्षित और निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए विद्युत विभाग की ओर से 10 ट्रांसफॉर्मर की क्षमता का विस्तार किया गया है. मेला क्षेत्र में बिजली के तारों को कवर्ड कर दिया गया है. सभी पोल पर डायइलेक्ट्रिक पेंट भी किया गया है. तकनीकी कर्मियों को नए सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं.

Also Read : गया जी पितृपक्ष 2026: 25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक किस दिन क्या होगा? यहां देखें तारीखवार पिंडदान कैलेंडर

करंट चेक करने के लिए अलग डिवाइस

मेला क्षेत्र में बिजली व्यवस्था संभालने वाले कर्मियों और पदाधिकारियों को वॉकी-टॉकी उपलब्ध कराए गए हैं. इसके अलावा सभी पोल पर करंट की जांच के लिए अलग डिवाइस भी दी गई है, ताकि बिजली से जुड़े काम के दौरान सुरक्षा का ध्यान रखा जा सके.

Also Read : पितृपक्ष मेले का उद्घाटन करेंगे CM सम्राट, गया जी आनेवालों को पिंडदान-होटल-इमरजेंसी की जानकारी एक क्लिक पर मिलेगी

बैजनाथ बैठक में बनाया गया विद्युत कंट्रोल रूम

पितृपक्ष मेला 2026 के दौरान बिजली व्यवस्था की निगरानी के लिए बैजनाथ बैठक में विद्युत विभाग का कंट्रोल रूम विकसित किया गया है. इसी जगह प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को बढ़ावा देने के लिए कैंप भी लगाया जाएगा. यहां गया जिले के लोगों को सोलर रूफटॉप से जुड़ी जानकारी, आवेदन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था रहेगी.

Also Read : पितृपक्ष में श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सुविधा, पुनपुन घाट और अनुग्रह नारायण स्नान घाट पर 17 ट्रेनों को मिलेगा 2 मिनट का ठहराव

पितृपक्ष मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने के मद्देनजर मंदिर प्रबंधन और संबंधित विभागों की ओर से सुरक्षा, सफाई, पेयजल, रोशनी और बिजली व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है. वहीं मोबाइल को लेकर मिली छूट श्रद्धालुओं के लिए इस बार की प्रमुख व्यवस्थाओं में शामिल है.