Monday, 20 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

मोगा में बेहोश मिले व्यक्ति की अस्पताल में मौत:लाल सिंह रोड पर अचेत अवस्था में मिला था, कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस

INT News19 July 2026 at 02:45 pm

मोगा के लाल सिंह रोड पर आज एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में बेहोशी की हालत में सड़क किनारे मिला। राहगीरों की सूचना पर थाना सिटी-2 पुलिस और समाज सेवा सोसायटी (रजि.) मोगा की आपातकालीन टीम तुरंत मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 40-45 वर्षीय गुरमीत सिंह, पुत्र महिंदर सिंह, निवासी प्रीत नगर (मोगा) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरमीत सिंह लाल सिंह रोड से गुजर रहे थे कि तभी वह अचानक अचेत होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही समाज सेवा सोसायटी के सदस्य अपनी आपातकालीन एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के सहयोग से गुरमीत सिंह को तुरंत सिविल अस्पताल मोगा ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल में प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद समाज सेवा सोसायटी के सदस्यों ने पुलिस की मौजूदगी में शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी (शवगृह) में रखवाया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह थाना सिटी-2 पुलिस ने तफ्तीश शुरू कर दी है। अभी मौत के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अगर कोई संदिग्ध परिस्थिति सामने आती है, तो उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।