Saturday, 3 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · महाराष्ट्र

'ज्ञानेश ब्रो, जस्ट रिजाइन' चुनाव से जुड़े सवालों की तख्तियां लेकर पहुंचे प्रदर्शनकारी, देखें तस्वीरें

INT News2 October 2026 at 09:25 pm

मुंबई के शिवाजी पार्क में शुक्रवार, 2 अक्टूबर को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ यानी CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. गांधी जयंती के मौके पर हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा और अलग-अलग छात्र संगठनों से जुड़े लोग पहुंचे. प्रदर्शनकारियों के हाथों में मीम वाले पोस्टर, फिल्मी डायलॉग और चुनाव से जुड़े सवाल लिखी तख्तियां नजर आईं.

गांधी की तस्वीर वाली टी-शर्ट पहनकर पहुंचे लोग

प्रदर्शन के दौरान मंच पर मौजूद कई लोग महात्मा गांधी की तस्वीर वाली टी-शर्ट पहने नजर आए. मंच पर अहिंसा और सादगी से जुड़े गांधी के विचारों के साथ डॉ. बीआर आंबेडकर को श्रद्धांजलि देने वाले संदेश भी लगाए गए थे.

पोस्टरों में दिखे मीम और फिल्मी डायलॉग

प्रदर्शन के दौरान युवाओं के हाथों में कई तरह के पोस्टर दिखाई दिए. इनमें ‘ज्ञानू, तुझा डेमोक्रेसी वर भरोसा नाय के?’, ‘ज्ञानेश ब्रो, जस्ट रिजाइन’ और ‘गद्दार ज्ञानू मस्ट गो’ जैसे नारे लिखे थे.

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अपनी बात रखने के लिए व्यंग्य का भी सहारा लिया. सायन से आए एक छात्र ने ‘मेलोडी’ चॉकलेट के रैपर से बने आभूषण पहने और ‘फ्रॉड डिटर्जेंट पाउडर’ लिखा बैनर लेकर प्रदर्शन किया.

पुलिस की तैनाती के बीच प्रदर्शन

प्रदर्शन को देखते हुए शिवाजी पार्क और दादर स्टेशन के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई थी. पार्क के आसपास बड़ी संख्या में बैरिकेड लगाए गए थे.मुंबई पुलिस ने प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं दी थी, लेकिन बाद में शिवाजी पार्क के गेट नंबर 6 के पास एक ट्रक को अस्थायी मंच के तौर पर इस्तेमाल कर प्रदर्शन किया गया.

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की क्यों हो रही मांग?

CJP का कहना है कि चुनाव आयोग के कामकाज और मतदाता सूची में किए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर सवाल उठ रहे हैं. संगठन का आरोप है कि इससे लोगों के वोट देने के अधिकार पर असर पड़ सकता है. इसलिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को इस्तीफे देना चाहिए.

CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि मुंबई के प्रदर्शन को आगे देश के दूसरे हिस्सों में भी ले जाया जाएगा. उन्होंने संकेत दिया कि आंदोलन का अगला पड़ाव दिल्ली का जंतर-मंतर होगा. सीजेपी ने इसे ‘जेल भरो आंदोलन’ का नाम दिया है. संगठन का कहना है कि जब तक उसकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा.

ये भी पढ़ें: Jantar Mantar Protest : ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहीं नेहा बोरा हिरासत में, घसीटकर ले गई दिल्ली पुलिस; देखें Video