Saturday, 26 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

अररिया में देर शाम जोरदार धमाका: उड़े मकान के परखच्चे, पटाखा बारूद में ब्लास्ट के बाद इलाके में अफरा-तफरी

INT News25 September 2026 at 10:00 pm

भरगामा (अररिया). भरगामा प्रखंड मुख्यालय के पश्चिमी भाग स्थित मुस्लिम टोला में शुक्रवार देर शाम तेज धमाके से एक मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. विस्फोट की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई. क्षतिग्रस्त मकान नूर मोहम्मद के पुत्र मो. अख्तर का बताया जा रहा है. घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं. वहीं, आधा दर्जन लोगों के हताहत होने की आशंका भी जताई जा रही है. हालांकि पुलिस ने फिलहाल किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

वीडियो देखने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें

पटाखा निर्माण के दौरान विस्फोट की आशंका

स्थानीय लोगों के अनुसार मो. अख्तर द्वारा आतिशबाजी में इस्तेमाल होने वाले पटाखों के निर्माण का काम किए जाने की बात सामने आ रही है. बताया जाता है कि शुक्रवार देर शाम कुछ मजदूर मकान में पटाखा निर्माण के काम में लगे थे. इसी दौरान आतिशबाजी में इस्तेमाल होने वाली सामग्री को एक बोरे से दूसरे बोरे में डालने के क्रम में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया. विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मकान का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

मजदूरों के प्रभावित होने की चर्चा

घटना में मो. अख्तर की पत्नी समेत पटाखा निर्माण में लगे मजदूरों के भी प्रभावित होने की चर्चा है. घटना के तत्काल बाद मौके पर मौजूद लोग वहां से निकल गए. बताया जाता है कि घटना के बाद से मकान से जुड़े लोग भी सामने नहीं आए हैं. ग्रामीण भी मामले को लेकर स्पष्ट जानकारी देने से परहेज कर रहे हैं. ऐसे में घटना में कितने लोग प्रभावित हुए हैं, इसकी स्थिति फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है.

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का लिया जायजा

घटना की सूचना मिलने के बाद सर्किल इंस्पेक्टर सतीश कुमार सिंह, भरगामा थानाध्यक्ष राजेश कुमार, अपर थानाध्यक्ष सोनू कुमार, एसआई गुड्डू कुमार और पुलिस बल के जवान मौके पर पहुंचे. पुलिस टीम ने मकान के क्षतिग्रस्त हिस्से और आसपास के क्षेत्र का जायजा लिया. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विस्फोट किस कारण से हुआ और घटनास्थल पर किस प्रकार की सामग्री मौजूद थी.

पटाखा या सिलेंडर, जांच के बाद स्पष्ट होगा कारण

इधर, कुछ ग्रामीणों का कहना है कि घटना पटाखा निर्माण के दौरान हुई, जबकि कुछ लोगों ने सिलेंडर ब्लास्ट होने की आशंका जताई है. विस्फोट के वास्तविक कारण को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. जांच पूरी होने और घटनास्थल से संबंधित तथ्यों की पुष्टि के बाद ही विस्फोट के वास्तविक कारण और घटना में प्रभावित लोगों की संख्या स्पष्ट हो सकेगी.