समाचार · बिहार
सांप काटने से मासूम की मौत के बाद सीवान सदर अस्पताल में बवाल, डॉक्टर-नर्स से मारपीट, इमरजेंसी वार्ड में तोड़फोड़

Siwan Sadar Hospital Violence : सीवान सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में गुरुवार रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब सांप के काटने से पीड़ित पांच वर्षीय बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई. बच्चे की मौत से आक्रोशित परिजनों और उनके साथ आए लोगों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया. भीड़ ने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ के साथ मारपीट की तथा इमरजेंसी वार्ड में तोड़फोड़ कर कई सरकारी उपकरण क्षतिग्रस्त कर दिए. घटना के बाद अस्पताल परिसर में दहशत का माहौल बन गया.
Siwan News : सांप काटने के बाद अस्पताल लाया गया था मासूम
जानकारी के अनुसार मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जियाय गांव निवासी पांच वर्षीय बच्चे को सांप काटने के बाद परिजन गुरुवार शाम करीब साढ़े सात बजे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे थे. अस्पताल प्रशासन के अनुसार बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत इलाज शुरू किया गया. उसे एंटी स्नेक वेनम (एएसवी) इंजेक्शन दिया गया और बाल रोग विशेषज्ञ को भी तत्काल बुलाया गया. हालांकि डॉक्टर के पहुंचने तक बच्चे की हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
मौत के बाद भड़का गुस्सा, डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ पर हमला
बच्चे की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने इलाज में लापरवाही और प्रशिक्षु मेडिकल स्टाफ द्वारा गलत उपचार का आरोप लगाते हुए इमरजेंसी वार्ड में हंगामा शुरू कर दिया. देखते ही देखते भीड़ ने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ के साथ मारपीट शुरू कर दी. स्थिति इतनी बिगड़ गई कि कई स्वास्थ्यकर्मियों को अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागना पड़ा.
इमरजेंसी वार्ड में जमकर तोड़फोड़, कई उपकरण क्षतिग्रस्त
हंगामे के दौरान अस्पताल के सुरक्षा गार्ड का डंडा छीनकर आक्रोशित लोगों ने इमरजेंसी वार्ड में जमकर तोड़फोड़ की. बीपी मशीन, नेबुलाइजर, पंखा समेत कई सरकारी चिकित्सा उपकरण क्षतिग्रस्त कर दिए गए. घटना में ड्यूटी पर तैनात डॉ. मुकेश कुमार रंजन, नर्सिंग स्टाफ नेहा सहित कई स्वास्थ्यकर्मी घायल हो गए.
मरीजों में दहशत, कई लोग निजी अस्पतालों की ओर रवाना
घटना के बाद सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में अफरातफरी मच गई. वहां भर्ती अन्य मरीजों और उनके परिजनों में भी भय का माहौल बन गया. कई परिजन अपने मरीजों को लेकर निजी अस्पतालों की ओर चले गए, जिससे कुछ समय के लिए अस्पताल की आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित रहीं.
Snake Bite Death: पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद नगर इंस्पेक्टर अविनाश कुमार भारी पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया. पुलिस ने अस्पताल परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया है. मामले की जांच शुरू कर दी गई है और हंगामा, मारपीट तथा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.
Also Read : छात्रों पर मंडराया बोर्ड परीक्षा से बाहर होने का खतरा, सीवान में बिना U-DISE+ और APAAR ID का नहीं होगा रजिस्ट्रेशन