समाचार · बिहार
जमुई और बांका के बाद अब किशनगंज का वीडियो वायरल! स्टेशन पर युवती से हाथापाई, SP ने बताई सच्चाई

किशनगंज. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर किशनगंज जिले में एक मामला चर्चा में है. 52 सेकेंड का यह वीडियो दिघलबैंक प्रखंड के तुलसिया रेलवे स्टेशन का बताया जा रहा है. हालांकि पुलिस और स्थानीय स्तर पर इसे करीब पांच माह पुराना बताया गया है. जमुई और समस्तीपुर से जुड़े पुराने वीडियो के वायरल होने के बाद यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर अलग-अलग दावों के साथ साझा किया जा रहा है. वीडियो में एक युवती को कई युवकों से घिरा देखा जा सकता है, जबकि कुछ युवक उससे उसकी पहचान और एक युवक के साथ संबंधों को लेकर सवाल करते सुनाई दे रहे हैं.
नोट- इस वायरल वीडियो की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है.
वीडियो में युवती से पूछताछ करते दिखे युवक
वायरल वीडियो में स्थानीय भाषा में कुछ युवक युवती से पूछताछ करते नजर आ रहे हैं. वीडियो में युवती के हाथ पकड़े जाने और उसके वहां से निकलने की कोशिश करने की बात भी सामने आती है. वहीं एक युवक बाइक पर बैठा दिखाई देता है, जिससे युवती के संबंधों को लेकर सवाल किए जा रहे हैं. बातचीत के दौरान दूसरे समुदाय का हवाला देकर कथित प्रेम संबंध को लेकर भी टिप्पणियां सुनाई देती हैं. बाइक पर बैठा युवक ऐसे किसी संबंध से इनकार करता सुनाई देता है. वीडियो के अंत में एक युवक वीडियो को वायरल करने की धमकी देता हुआ भी सुनाई देता है.
सोशल मीडिया पर अलग-अलग दावों के साथ शेयर हुआ वीडियो
तुलसिया रेलवे स्टेशन का नाम जुड़ने के बाद वीडियो को लेकर स्थानीय स्तर पर भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. सोशल मीडिया पर इसे अलग-अलग दावों के साथ शेयर किया जा रहा है. हालांकि वीडियो के साथ किए जा रहे सभी दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
युवती के बयान पर दर्ज हुआ मामला
मामला चर्चा में आने के बाद किशनगंज पुलिस ने जांच शुरू की. पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के अनुसार पुलिस को घटना की सूचना रात में मिली थी. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम रात करीब 12:30 से 1 बजे के बीच मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली. एसपी के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ में युवती ने बताया कि वह अपनी बहन के साथ रेलवे स्टेशन गई थी, जहां वह एक युवक से बातचीत कर रही थी. पुलिस के अनुसार युवक दूसरे समुदाय से संबंधित है. इसी बात को लेकर गांव के एक युवक ने आपत्ति जताई और युवती के साथ मारपीट की. युवती ने आरोप लगाया कि उक्त युवक ने उसे थप्पड़ मारा.
एसपी ने छेड़खानी की बात से किया इनकार
एसपी संतोष कुमार ने बताया कि पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह मामला छेड़खानी का नहीं, बल्कि आपसी विवाद का सामने आया है. युवती के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कानून सम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर किए जा रहे कई दावे भ्रामक हैं और वास्तविकता से अलग हैं.
वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की जा रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है. एसपी संतोष कुमार स्वयं मामले की निगरानी कर रहे हैं.
बिना पुष्टि वायरल वीडियो शेयर नहीं करने की अपील
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल किसी भी वीडियो को बिना पुष्टि के शेयर न करें. लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी घटना से संबंधित जानकारी को सत्यापित करने के बाद ही आगे साझा करने का आग्रह किया गया है.