समाचार · मध्य प्रदेश
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर क्रांति गौड़ रायसेन पहुंचीं:सियरमऊ में रिश्तेदारों से मिलीं; लॉर्ड्स ऑनर्स बोर्ड में नाम दर्ज करा चुकीं
लॉर्ड्स ऑनर्स बोर्ड में नाम दर्ज कराने वाली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर क्रांति गौड़ रविवार को रायसेन जिले की सिलवानी तहसील के ग्राम सियरमऊ पहुंचीं। उनका यह दौरा पूरी तरह निजी था और इसकी जानकारी पहले से किसी को नहीं दी गई थी। भोपाल से सियरमऊ पहुंचीं क्रांति गौड़ का शिक्षक प्रदीप विश्वकर्मा के निवास पर स्वागत किया गया। गांव के लोगों ने भी अपनी खिलाड़ी का अभिनंदन किया। वह किसी बड़े आयोजन या सरकारी कार्यक्रम के बजाय बेहद सादगी के साथ लोगों के बीच नजर आईं। वर्ल्ड कप-2025 खेल चुकी हैं क्रांति
इस दौरे का मुख्य उद्देश्य ग्राम पिपरिया डाबरी में रहने वाली अपनी रिश्तेदार दीदी सविता, जीजा जितेंद्र शाह और भाई बसंत ठाकुर से मुलाकात करना था। यह कोई सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं था। परिवार के साथ बिताए गए इन पलों ने उनकी सादगी और अपनेपन को दर्शाया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करने के बावजूद, क्रांति गौड़ का अपनी जड़ों से जुड़ाव लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है। गांव के लोगों ने उनके सहज और सरल व्यवहार की सराहना की। क्रांति गौड़ एक भारतीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर हैं। वह घरेलू क्रिकेट में मध्य प्रदेश और महिला प्रीमियर लीग में यूपी वॉरियर्स का प्रतिनिधित्व करती हैं। गौड़ 2025 महिला क्रिकेट विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थीं।