समाचार · हरियाणा
फरीदाबाद पहुंचे पूर्व सांसद ब्रजेंद्र और पूर्व मंत्री बीरेंद्र सिंह:बोले-किसी के आने-जाने की परवाह नही, सरकार जनता के प्रति असंवेदनशील
फरीदाबाद में कांग्रेस नेता और हिसार के पूर्व सांसद ब्रजेंद्र सिंह रविवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह के साथ सेक्टर-16 स्थित एक कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए एसआईआर, स्लम बस्तियों पर कार्रवाई, एथेनॉल नीति और सोनम वांगचुक प्रकरण को लेकर सरकार की आलोचना की। आम लोगों के प्रति सरकार संवेदनशील नही ब्रजेंद्र सिंह ने कहा कि जंतर-मंतर से सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस द्वारा हटाए जाने की घटना यह दर्शाती है कि सरकार आम लोगों की भावनाओं और मुद्दों के प्रति संवेदनशील नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एथेनॉल के नाम पर लोगों को गुमराह कर रही है और अब समय आ गया है कि लोग एकजुट होकर इसके खिलाफ आवाज उठाएं। SIR को लेकर सर्तक रहने की अपील उन्होंने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से एसआईआर को लेकर सतर्क रहने की अपील की। उनका कहना था कि यदि सरकार एसआईआर के नाम पर किसी तरह का खेल करने की कोशिश करेगी तो कांग्रेस उसे सफल नहीं होने देगी। लोगों के घर तोड़ना पूरी तरह गलत फरीदाबाद में स्लम बस्तियों पर चल रही तोड़फोड़ की कार्रवाई का जिक्र करते हुए ब्रजेंद्र सिंह ने कहा कि बिना पुनर्वास के लोगों के घर तोड़ना गलत है। सरकार की जिम्मेदारी है कि कार्रवाई से पहले प्रभावित परिवारों के रहने की उचित व्यवस्था और आवास उपलब्ध कराए। कांग्रेस संगठन को कर रही मजबूत कांग्रेस संगठन को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी का संगठन लगभग तैयार हो चुका है और जल्द ही रिक्त पदों पर नियुक्तियां कर दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता और नेता संगठन को मजबूत करने में जुटा है। कौन पार्टी में आता है या जाता है, इससे कोई बड़ा फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि केवल व्यक्तियों के सहारे चुनाव नहीं जीते जाते। 23 जिलों में जाकर लोगों से मिलेंगे ब्रजेंद्र सिंह ने बताया कि सद्भाव यात्रा पूरी करने के बाद अब हरियाणा के सभी 23 जिलों में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य यात्रा के दौरान जुड़े लोगों से दोबारा संपर्क करना और नए लोगों को कांग्रेस से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि पानीपत के बाद फरीदाबाद उनका दूसरा कार्यक्रम है और आने वाले दिनों में वे अन्य जिलों का भी दौरा करेंगे।