Saturday, 26 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · राजस्थान

राजस्थान के बारां में भीषण सड़क हादसा, डॉक्टर दंपती और 2 बच्चों की मौत

INT News22 September 2026 at 01:41 pm

राजस्थान के बारां जिले के कवाई थाना क्षेत्र में कवाई-अटरू हाईवे पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ. कवाई-अटरू हाईवे पर हुई इस दुर्घटना में एक डॉक्टर दंपती और उनके दो बच्चों की दुखद मौत हो गई. पेट्रोल पंप के पास कार और बलकर की जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दंपती अंदर फंस गए.

हादसे की सूचना मिलते ही कवाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से चारों को कार से बाहर निकाला और अटरू चिकित्सालय पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया.

जन्मदिन समारोह में शामिल होने आया था परिवार

जानकारी के अनुसार, मूलरूप से सूरजगढ़, झुंझुनूं और वर्तमान में जयपुर निवासी डॉ. सुरेश गजराज अपनी पत्नी डॉ. शालिनी मौर्य और दोनों बच्चों के साथ 19 सितंबर को बारां आए थे. परिवार अपने साले के बच्चे के जन्मदिन समारोह में शामिल हुआ था. मंगलवार सुबह परिवार कार से जयपुर लौट रहा था. इसी दौरान कवाई-अटरू हाईवे पर पेट्रोल पंप के पास उनकी कार की बलकर से भिड़ंत हो गई. हादसे में डॉ. सुरेश, डॉ. शालिनी और उनके दोनों बच्चों स्वपनिल और निलिशा की मौत हो गई.

चार साल से मांडल में दे रहे थे सेवाएं

डॉ. सुरेश गजराज और डॉ. शालिनी मौर्य पिछले करीब चार वर्ष से भीलवाड़ा जिले के मांडल उप चिकित्सालय में कार्यरत थे. डॉ. सुरेश अस्पताल प्रभारी बताए गए हैं. दोनों चिकित्सकों की एक साथ मौत की खबर से मांडल और चिकित्सा जगत में शोक की लहर दौड़ गई.

कार में फंस गए थे दंपती

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार और बलकर की भिड़ंत के बाद कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था. दंपती कार के अंदर फंस गए थे. सूचना मिलते ही कवाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया. चारों को बाहर निकालकर अटरू अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने परिजनों को दी सूचना

पुलिस ने हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दी और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है. एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत की खबर से मांडल सहित पूरे चिकित्सा जगत में शोक का माहौल है.

ये भी पढ़ें: Rajasthan Weather Today: आज कोटा- उदयपुर में होगी बारिश, जयपुर में बढ़ेगा तापमान