समाचार · हरियाणा
3 बच्चों को बंधक बनाने वाले दोनों आरोपी गिरफ्तार:सिरसा में मुर्गी छोड़ने गए थे बच्चे, चोरी के शक में घर में बांधा
सिरसा जिले के डबवाली क्षेत्र के देसूजोधा गांव में तीन नाबालिग बच्चों को अगवा कर बंधक बनाने के मामले में सोमवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान गांव के ही गुरमीत और लखवीर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। दोनों आरोपी मजदूरी करते हैं, जबकि तीनों बच्चे स्कूल में पढ़ते हैं। मुर्गियां छोड़ने गए बच्चों पर चोरी का आरोप दरअसल, रविवार शाम गांव के तीन नाबालिग बच्चे अपने खेत में बनी ढाणी के बाहर खेल रहे थे। इसी दौरान गांव के गुरमीत की मुर्गियां उनके खेत की तरफ आ गईं। बच्चे मुर्गियों को छोड़ने के लिए उन्हें लेकर गुरमीत के घर चले गए। आरोप है कि वहां गुरमीत और लखवीर सिंह ने बच्चों पर मुर्गी चोरी का शक जताते हुए उन्हें पकड़ लिया। इस दौरान दो बच्चे डरकर वहां से भाग निकले। आरोपियों ने बाइक से उनका पीछा किया और उन्हें पकड़कर अपने घर ले गए। इसके बाद तीनों बच्चों को घर में बांधकर बंधक बना लिया। परिजनों की अपील के बाद भी नहीं छोड़ा काफी देर तक बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। ग्रामीणों से पता चला कि गांव के दो लोगों ने बच्चों को अपने घर में बंधक बना रखा है। परिजन मौके पर पहुंचे और बच्चों को छोड़ने की अपील की, लेकिन आरोपियों ने उन्हें नहीं छोड़ा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। शिकायत पर दर्ज हुआ था केस सूचना मिलने पर पुलिस ने बच्चों को बंधन से मुक्त कराया। परिजनों की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। सोमवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया और कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।