Saturday, 26 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

UP Religious Conversion: ‘चंगाई सभा’ की आड़ में धर्मांतरण का खेल? आगरा में 4 गिरफ्तार, 6 राज्यों तक नेटवर्क और फंडिंग का खुलासा

INT News25 September 2026 at 06:11 pm

UP Religious Conversion: आगरा के सैंया क्षेत्र में आईबी की सूचना के बाद पुलिस ने चंगाई सभा के जरिए कथित धर्मांतरण कराने के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, गांव जोधापुरा में बुधवार रात छापेमारी कर जयपुर निवासी विनीत वेदी, धौलपुर निवासी बंटू, खेरागढ़ निवासी मुखराज और सैंया निवासी प्रताप को पकड़ा गया. गुरुवार को सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया. पूछताछ में धर्मांतरण के लिए फंडिंग मिलने की बात सामने आने का दावा किया गया है.

छह राज्यों तक नेटवर्क का दावा

डीसीपी पश्चिम आदित्य सिंह के अनुसार, पूछताछ में धर्मांतरण से जुड़े नेटवर्क के उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान तक फैले होने की जानकारी सामने आई है. पुलिस का कहना है कि आरोपी सीधे धर्मांतरण शब्द का इस्तेमाल नहीं करते थे, बल्कि चंगाई सभा आयोजित कर लोगों को जोड़ते थे. आरोप है कि सभाओं में गरीब और मजबूर लोगों को बीमारी दूर करने, आर्थिक मदद, शिक्षा और रोजगार का भरोसा देकर प्रभावित किया जाता था.

तीन महीने से जोधापुरा में चल रही थी सभा

पुलिस के मुताबिक, सैंया के जोधापुरा गांव में प्रताप के घर पिछले करीब तीन महीने से चंगाई सभा आयोजित की जा रही थी. नेटवर्क से जुड़े लोग सभा कराने के लिए वहां आते थे और आसपास के गांवों से लोगों को बुलाया जाता था. इनमें महिलाओं की संख्या अधिक बताई गई है. पिछले एक महीने में सभा में आने वाले लोगों की संख्या बढ़ने लगी थी, जिसके बाद ग्रामीणों को गतिविधियों पर संदेह हुआ. इसकी जानकारी आईबी और एलआईयू को मिली, जिसके बाद पुलिस ने बुधवार रात घेराबंदी कर कार्रवाई की.

आरोपी की मां ने बताया कैसे शुरू हुआ संपर्क

आरोपी प्रताप सिंह की मां चंद्रवती ने बताया कि करीब छह महीने पहले वह घुटनों के दर्द की दवा लेकर सैंया से अपने गांव जोधापुरा लौट रही थीं. टेंपो में बैठी एक महिला ने उन्हें दर्द ठीक करने के लिए चंगाई कीर्तन में आने की बात कही थी. इसके बाद इन महिलाओं का उनके घर आना-जाना शुरू हो गया. चंद्रवती का कहना है कि उन्हें किसी तरह का आर्थिक लाभ नहीं मिला और उनका परिवार मजदूरी करके अपना खर्च चलाता है. उन्होंने यह भी बताया कि बेटी की शादी के लिए जमीन तक बेचनी पड़ी थी.

जन्मदिन पर पूजा कराने और नेटवर्क से जोड़ने का आरोप

चंद्रवती के मुताबिक, 24 सितंबर को उनके पोते का जन्मदिन था और इसी दौरान धर्मांतरण से जुड़े बताए जा रहे लोग उनके घर पहुंचे. आरोप है कि उन्होंने बोर्ड पर पेन से हाथ का चित्र और गोला बनाकर पूजा करने के लिए प्रेरित किया. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में यह भी सामने आया कि करीब एक साल पहले प्रताप की मां चंद्रवती का धर्म परिवर्तन कराया गया था. वहीं, गिरफ्तार आरोपियों में विनीत वेदी को नेटवर्क के ईस्ट-वेस्ट जोन का प्रभारी बताया गया है, जिसमें छह राज्य शामिल होने का दावा है.

Signal पर 200 से ज्यादा लोग, पुलिस खंगाल रही डाटा

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने Signal एप पर 200 से अधिक लोगों को जोड़ रखा था और आगरा के 50 से ज्यादा लोग इनके संपर्क में थे. इनमें सिकंदरा, आवास विकास कॉलोनी और एत्मादुद्दौला क्षेत्र के लोग बताए गए हैं. आरोपियों के पास से डाटा मिलने की बात भी पुलिस ने कही है, जिसका विश्लेषण किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि नेटवर्क से जुड़े लोग Signal और IMO जैसे एप के जरिए आपस में संपर्क करते थे. चारों आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है.

यह भी देखें: ‘मौसा जी’ कहकर पैर छुए, भरोसा जीता… पहली बार अंगूठी लौटाई, दूसरी बार लेकर फरार, बिजनौर में पुलिस ने ऐसे दबोचे शातिर