समाचार · झारखंड
गेतलसूद डैम के आज खुल सकते हैं गेट; अलर्ट जारी

अनगड़ा से जितेन्द्र कुमार की रिपोर्ट
अनगड़ा(रांची). लगातार हो रही बारिश के कारण स्वर्णरेखा नदी पर स्थित गेतलसूद डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. डैम की अधिकतम जलधारण क्षमता 1936 आरएल फीट है, जबकि शुक्रवार दोपहर 1:30 बजे जलस्तर 1932.8 आरएल फीट दर्ज किया गया. जलस्तर 1933.5 आरएल फीट पहुंचते ही डैम के रेडियल गेट किसी भी समय खोले जा सकते हैं.
रात में गेट खोलने की तैयारी
विभागीय सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार रात डैम के गेट खोलने की तैयारी की जा रही है. गेट खोले जाने से पहले आसपास के क्षेत्रों में प्रशासन की ओर से अलर्ट जारी किया जायेगा. सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक इंतजाम किये गये हैं.
हुंडरू फॉल और चांडिल डैम पर भी पड़ेगा असर
गेतलसूद डैम के गेट खुलने के बाद स्वर्णरेखा नदी में पानी का प्रवाह बढ़ेगा. इसका असर हुंडरू फॉल, मुरी क्षेत्र और चांडिल डैम के जलस्तर पर भी पड़ सकता है. प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. लोगों को जलाशय और नदी के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गयी है.
सिकिदिरी परियोजना का उत्पादन बंद होने से बढ़ी चिंता
इधर, शुक्रवार पूर्वाह्न 11:30 बजे से तकनीकी कारणों से सिकिदिरी जल विद्युत परियोजना का विद्युत उत्पादन बंद है. इसके कारण गेतलसूद डैम से परियोजना के लिए नहर के माध्यम से पानी की आपूर्ति भी रोक दी गयी है. एक ओर डैम में पानी की आवक बढ़ रही है, वहीं परियोजना के लिए पानी की निकासी बंद होने से जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. इसी स्थिति को देखते हुए रेडियल गेट खोले जाने की तैयारी है.