Saturday, 26 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

गुमला में 13 वर्षीय छात्रा गंभीर हालत में मिली, परिजनों ने चार-पांच युवकों पर लगाया सामूहिक दुष्कर्म का आरोप

INT News25 September 2026 at 08:29 pm

गुमला. गुमला जिले के एक थाना क्षेत्र के गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. एक छठी कक्षा की 13 वर्षीय छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है. गुरुवार शाम घर से लापता हुई छात्रा रात में घर के बाहर गंभीर और बेसुध हालत में मिली. परिजनों ने चार-पांच युवकों पर उसे उठाकर ले जाने और सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है. छात्रा के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं, जिससे यह घटना परिवार और पूरे समुदाय के लिए बेहद भयावह हो गई है.

देर शाम घर से हुई थी लापता छात्रा

जानकारी के अनुसार, छात्रा गुरुवार शाम करीब पांच बजे अचानक लापता हो गयी. परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला. रात करीब सात बजे कुछ युवक छात्रा को घर के समीप जमीन पर बेसुध अवस्था में छोड़कर भाग गये. परिजनों के अनुसार, उस समय छात्रा की हालत बेहद खराब थी और उसके शरीर पर चोट के निशान थे.

आर्थिक रूप से कमजोर परिवार

इसके बाद परिजन छात्रा को तत्काल कोलेबिरा अस्पताल ले गये. चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया. परिजन उसे सिमडेगा के एक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे रिम्स रेफर किया गया. आर्थिक रूप से कमजोर परिवार किसी तरह इलाज की व्यवस्था करते हुए छात्रा को सदर अस्पताल गुमला लेकर पहुंचा.

छात्रा की हालत गंभीर

सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने छात्रा का प्राथमिक उपचार किया और रक्तस्राव को नियंत्रित किया. हालांकि, उसकी हालत गंभीर बनी रही. शुक्रवार अपराह्न करीब तीन बजे चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे Ranchi स्थित रिम्स रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन छात्रा को लेकर रिम्स रवाना हो गये.

ये भी पढ़ें: Gumla : तेज बहाव में बह गए युवक, दो दिन बाद कोयल नदी से मिला शव

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस के अनुसार, छात्रा के साथ मारपीट किये जाने की सूचना मिली है. पुलिस गांव जाकर मामले की जानकारी जुटा रही है. छात्रा की गंभीर हालत के कारण फिलहाल उसका बयान नहीं लिया जा सका है. पुलिस जांच और छात्रा के बयान के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी.

ये भी पढ़ें: Gumla : इंटर की पढ़ाई पूरी कर घर लौटी थी, अगले दिन घर में मिली मृत

दोषियों पर कार्रवाई की मांग

इधर, प्रतिज्ञा महिला एसोसिएशन की देवकी देवी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली. उन्होंने छात्रा को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के साथ मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.