Monday, 20 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

रायसेन में जनरल स्टोर, गोदाम और मकान में आग लगी:खिड़की तोड़कर पिता-पुत्र ने बचाई जान, गंभीर झुलसी महिला भोपाल रेफर; लाखों का नुकसान

INT News19 July 2026 at 02:50 pm

रायसेन जिले के बेगमगंज में रविवार तड़के एक जनरल स्टोर, गोदाम और मकान में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। इस घटना में मकान मालिक नवीन समैया की पत्नी मनीषा (जूली) समैया फंस गई। और गंभीर रूप से झुलस गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है। आग की लपटों से घिरने के बाद नवीन समैया और उनके 22 वर्षीय पुत्र नयन (बिट्टू) समैया ने दूसरी मंजिल की खिड़की तोड़कर टीन शेड पर छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। इस दौरान उनके पैरों में चोटें आई हैं। घर में मौजूद 90 वर्षीय सितारा देवी सुरक्षित बताई गई हैं। गोदाम में शॉर्ट सर्किट से हादसा

जानकारी के अनुसार, महाराणा प्रताप रोड स्थित जनरल स्टोर के पीछे बने गोदाम में सुबह करीब 5:30 बजे शॉर्ट सर्किट से आग भड़की। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान, गोदाम और मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग में दुकान का पूरा स्टॉक, फर्नीचर, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एलईडी टीवी, रसोई का सामान, लकड़ी के दरवाजे-खिड़कियां सहित घरेलू सामग्री जलकर राख हो गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस घटना में करीब 20 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। गोदाम में रखा स्टॉक पूरी तरह जला

घर में धुआं भरने से मनीषा समैया की नींद खुली और उन्होंने आग की लपटें देख मदद के लिए शोर मचाया। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब छह फायर ब्रिगेड और नगरपालिका कर्मचारियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक गोदाम में रखा डायपर, खिलौने, प्लास्टिक का सामान और राखियों सहित महिलाओं के उपयोग का बड़ा स्टॉक पूरी तरह जल चुका था। गनीमत रही कि रसोई में रखा गैस सिलेंडर समय रहते बाहर फेंक दिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।